बलरामपुर- उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी दिनांक 22 जुलाई, 2026 को जनपद बलरामपुर के एक दिवसीय भ्रमण पर रहेंगी।
भ्रमण के दौरान वे महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगी तथा महिला कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगी। साथ ही महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की समीक्षा कर महिलाओं की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार माननीय सदस्य प्रातः 09:30 बजे सर्किट हाउस, बलरामपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला कल्याण एवं सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगी। इसके उपरांत प्रातः 10:30 बजे जिला महिला चिकित्सालय में "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" योजना के अंतर्गत जन्म लेने वाली नवजात बालिकाओं को बेबी किट, मिठाई एवं बधाई पत्र वितरित कर परिवारों को शुभकामनाएं देंगी।
इसके पश्चात प्रातः 11:00 बजे तहसील सभागार, उतरौला में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की शिकायतों एवं समस्याओं को सुनेंगी तथा उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करेंगी। जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं को न्याय सुलभ कराने तथा उनकी समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अपराह्न 01:00 बजे विकास खण्ड सभागार, उतरौला में आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में सहभागिता कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की जानकारी लेंगी। इसके बाद अपराह्न 02:00 बजे विकास खण्ड सभागार, बलरामपुर में आयोजित महिला जागरूकता जनचौपाल एवं स्वास्थ्य शिविर में भाग लेकर महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, स्वास्थ्य सेवाओं तथा आत्मनिर्भरता के विभिन्न आयामों के प्रति जागरूक करेंगी।
भ्रमण के अगले चरण में माननीय सदस्य अपराह्न 03:00 बजे आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय, सेखुईकला का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक एवं आवासीय सुविधाओं का जायजा लेंगी। इसके उपरांत अपराह्न 03:30 बजे संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं संरक्षण सेवाओं की समीक्षा करेंगी। इसके बाद अपराह्न 04:00 बजे जिला कारागार स्थित महिला बंदी गृह का निरीक्षण कर महिला बंदियों से संवाद करेंगी तथा वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन करेंगी।
माननीय सदस्य के भ्रमण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिला प्रोबेशन अधिकारी, बलरामपुर को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know