समाज कल्याण विभाग की शैक्षिक पहल से मिली नई उड़ान…
JEE में 11 सफल, एडवांस्ड में प्रीति ने बढ़ाया सर्वोदय विद्यालयों का मान
-103 आवासीय विद्यालयों से निकल रही नई प्रतिभाएं l
लखनऊ, 01 जून 2026: समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने JEE मेंस व एडवांस्ड और बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' से खुला IIT का रास्ता
समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक श्री जे. राम ने बताया कि मिर्जापुर (मड़िहान) स्थित सर्वोदय विद्यालय को डॉ. अरुण कुमार तिवारी ट्रस्टी एक्स नवोदयन फाउंडेशन और टाटा एआईजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के CSR सहयोग से जेईई/नीट की निःशुल्क तैयारी हेतु 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के रूप में विकसित किया गया है। इस वर्ष कुल 11 विद्यार्थी JEE मेंस में सफल रहे। इनमें मड़िहान की छात्राओं दामिनी पटेल, अंवाला वर्मा, सृष्टि, शिवानी और रागनी ने JEE मेंस में सफलता प्राप्त की, जबकि प्रीति ने JEE एडवांस्ड के लिए भी क्वॉलीफाई किया। साथ ही प्रीति और दामिनी IIT मंडी के BBA व MBA कार्यक्रम के लिए भी शॉर्टलिस्ट हुईं। वहीं मेहरौना (देवरिया) के विकास यादव और अंकित सिंह, तीरगांव (बाराबंकी) के अभिषेक मिश्रा, जोगियाटप्पा भानपुर (बस्ती) के अमित कुमार व परसिया (मिर्जापुर) के ऋषिकेश भारती ने भी JEE मेंस में बाजी मारी।
बोर्ड परीक्षाओं में भी रहा दबदबा, हुआ सम्मान
बोर्ड परीक्षाओं में भी सर्वोदय विद्यालयों के छात्रों का दबदबा देखने को मिला। यूपी बोर्ड से संबद्ध सर्वोदय विद्यालय निडौरी (गाजियाबाद) की छात्राओं अंजलि पुंडीर और अंशिका ने जनपद स्तर पर क्रमशः चौथा और छठा स्थान प्राप्त किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 31 हजार और 21 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और सीडीओ कुमार सौरभ द्वारा सम्मानित किया गया।
103 आवासीय विद्यालय बना रहे भविष्य
गौरतलब है कि विभाग द्वारा प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए कक्षा 6 से 12 तक के 103 आवासीय सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं। यहां निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है।

.jpeg)



एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know