बलरामपुर- आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे सहित जनपद के विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद के विभिन्न सर्किलों में त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें सम्पन्न कर ली गई हैं तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित गणमान्य नागरिकों से विस्तारपूर्वक संवाद स्थापित किया गया तथा त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव प्राप्त किए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब एवं आपसी सौहार्द इसकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि सभी त्योहारों को प्रेम, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहारों के सफल आयोजन हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश रस्तोगी, समस्त एसडीएम, क्षेत्राधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने