बलरामपुर- जनपद में महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुड़ीला में आयोजित एचपीवी टीकाकरण सत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीकाकरण व्यवस्था, लाभार्थियों के पंजीकरण तथा वैक्सीन की उपलब्धता का जायजा लिया और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सत्र के दौरान एएनएम पूनम यादव द्वारा कुल पांच बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने  कहा कि एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं को भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा अभिभावकों को इस अभियान में सक्रिय सहयोग करना चाहिए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि जनपद में शुक्रवार को कुल 245 एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 646 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रभावी एवं सुरक्षित है और सरकार द्वारा इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक इस टीके का लाभ पहुंचाना है, जिससे भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के मामलों में कमी लाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अजय कुमार शुक्ला एवं आशा कार्यकर्ता सुनीता भी उपस्थित रहीं।

                  हिन्दी संवाद न्यूज से
                    रिपोर्टर वी. संघर्ष
                       बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने