जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मगुराडीला चौराहे के समीप शुक्रवार देर रात को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से हटाया और तत्काल डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं पीजीआई टांडा के लिए रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अरविंद (35) पुत्र बुधीराम निवासी सदरुद्दीनपुर, थाना सरपतहा, जनपद जौनपुर अपनी ससुराल बाजिदपुर, जलालपुर आए हुए थे। वह अपनी मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने के लिए बसखारी-जलालपुर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह मगुराडीला चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर अमन (25) एवं निरहू (30) निवासी सैदपुर, थाना मालीपुर सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर में तैनात चिकित्सक डॉ. कृष्ण चंद्र एवं फार्मासिस्ट सुरेंद्र कुमार शर्मा ने घायलों का उपचार किया। हालत नाजुक होने के कारण तीनों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल टांडा रेफर कर दिया गया। इसी दौरान गंभीर मरीजों को शीघ्र रेफर करने को लेकर चिकित्सक और एंबुलेंस चालक के बीच कुछ देर कहासुनी भी हुई। चिकित्सक ने आपात स्थिति का हवाला देते हुए एक एंबुलेंस से दो मरीजों को ले जाने का अनुरोध किया। बाद में समझाने-बुझाने के बाद एंबुलेंस चालक तैयार हो गया और घायलों को रेफर अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने