बलरामपुर- जनपद में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं सुशासन की अवधारणा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी  हिमांशु गुप्ता द्वारा “विकास आपके द्वार” अभियान का शुभारंभ किया गया। विकास भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर विशेष वाहनों को रवाना किया गया, जो जनपद के सभी विकासखंडों में संचालित होकर ग्रामीण क्षेत्रों में सीधे पहुंचकर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ेंगे।
इस अभिनव पहल के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड हेतु एक विशेष “विकास रथ” की व्यवस्था की गई है, जिसमें एक प्रशिक्षित वीएलई ऑपरेटर एवं वाहन चालक तैनात किए गए हैं। यह वाहन ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर लाउडस्पीकर के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र व्यक्तियों का मौके पर ही आवेदन एवं पंजीकरण सुनिश्चित करेंगे।
अभियान की विशेषता यह है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान एवं पंचायत सहायक की उपस्थिति में पात्रता का तत्काल सत्यापन किया जाएगा, जिससे योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सके।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि “विकास आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनपद में सरकारी योजनाओं के संतृप्तिकरण (Saturation) को गति देगा और प्रशासन व आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत करेगा।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक वाहन प्रतिदिन एक ग्राम पंचायत में सेवाएं देगा तथा सभी ग्राम पंचायतों के कवर होने के बाद पुनः निर्धारित चक्र में भ्रमण करेगा, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए।
अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग हेतु सभी वाहनों को जीपीएस से जोड़ा गया है तथा जिला स्तर पर उनकी निगरानी की जाएगी। साथ ही प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों एवं प्रगति का डिजिटल डेटा संकलित किया जाएगा, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक समय में समीक्षा संभव हो सकेगी।
यह पहल जनपद में सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

            हिन्दी संवाद न्यूज से
             रिपोर्टर वी. संघर्ष
               बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने