जलालपुर, अंबेडकरनगर। जनपद में बगैर मानक के संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के नामित सदस्य विवेक पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर दो संस्थानों को सील कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शासन के निर्देशों के क्रम में कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीआईओएस के नामित सदस्य विवेक पटेल, तहसीलदार निखिलेश कुमार, नायब तहसीलदार उत्कर्ष सिंह तथा लेखपाल धर्मेंद्र प्रताप सिंह की संयुक्त टीम ने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई आवश्यक दस्तावेजों, सुरक्षा मानकों तथा संचालन संबंधी नियमों की जांच की गई।
जांच में मालीपुर क्षेत्र में संचालित “वर्ल्ड ऑफ विजडम” लाइब्रेरी निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करती पाई गई। संस्थान के पास आवश्यक अभिलेखों एवं अन्य निर्धारित व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर टीम ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए लाइब्रेरी को सील कर दिया।
इसके अलावा जलालपुर नगर क्षेत्र में खान पेट्रोल पंप के निकट संचालित “सिगमा कोचिंग सेंटर” का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कोचिंग सेंटर में निर्धारित नियमों और मानकों का पालन न किए जाने की पुष्टि हुई। आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव तथा निर्धारित शर्तों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक टीम ने कोचिंग सेंटर को भी सील कर दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने संचालकों को निर्देश दिया कि बिना मानक पूरे किए किसी भी प्रकार का शैक्षणिक संस्थान संचालित न करें। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य कोचिंग सेंटर एवं लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know