बलरामपुर- नगर पालिका परिषद बलरामपुर के सभागार में गुरुवार को अर्बन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 28 जून से प्रारंभ होने वाले पल्स पोलियो अभियान तथा 1 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित होने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मीनाक्षी चौधरी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.अनिल कुमार चौधरी, डॉ. हिमांशु कुमार श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट समीर अहमद सिद्दीकी, डॉ.आकाश सिंह, बाल विकास परियोजना कार्यालय से इंदु सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी प्रतिनिधि अरुण मिश्रा, यूनिसेफ के मॉनिटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों,बूथ प्रबंधन,घर-घर भ्रमण तथा जनजागरूकता गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने अभियान के दौरान एक भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहने देने का संकल्प व्यक्त किया।
इसके साथ ही आगामी 1 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 1 जुलाई से 10 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 जुलाई से 30 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत मच्छरजनित एवं जलजनित रोगों की रोकथाम,स्वच्छता जागरूकता,बुखार के मरीजों की पहचान,दस्त रोग नियंत्रण तथा जनसामान्य को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य,नगर पालिका,बाल विकास परियोजना,शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने पर बल दिया गया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी सहयोग एवं समन्वय से कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस के निर्देशानुसार नगर क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने,स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य विभाग को हर संभव सहयोग प्रदान करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का आह्वान किया,ताकि नगर क्षेत्र को पोलियो एवं संचारी रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know