बलरामपुर- भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन में गुरुवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण अभियान तथा डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ.मुखर्जी राष्ट्रनिर्माण,सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को जागृत करने तथा भारत की अखंडता के प्रतीक के रूप में जाने जाते हैं। वे एक प्रख्यात शिक्षाविद्, कुशल प्रशासक, दूरदर्शी राजनेता और प्रखर राष्ट्रभक्त थे, जिन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना जीवन समर्पित किया।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए बताया गया कि 6 जुलाई को सभी बूथों पर डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण,पुष्पांजलि एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 28 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण,बूथ समितियों के बैंक खाते एवं डिजिटल लर्निंग अभियान की समीक्षा की जाएगी। वहीं 29 जून को अपराह्न 3 बजे एम.एल.के. ऑडिटोरियम में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा,जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने सभी मंडल अध्यक्षों,शक्ति केंद्र संयोजकों और बूथ पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता,अनुशासन और जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर संगठन की मजबूती भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। बूथ समितियों का नियमित सत्यापन,डिजिटल माध्यमों का उपयोग,सदस्य संपर्क अभियान तथा वृक्षारोपण जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें तथा संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी,वरुण सिंह ‘मोनू’,देवानंद गुप्ता,वंदना पासवान,दयाराम प्रजापति एवं शिवप्रसाद यादव,जिला महामंत्री डॉ.अजय सिंह ‘पिंकू’,डी.पी. सिंह बैंस,अवधेश तिवारी ‘तरुण’,ललिया तिवारी,झूमा सिंह,साधना पांडेय,सुधा पांडेय,सरोज तिवारी,रामकृपाल शुक्ल,राजाराम गौतम,नंदनी शुक्ल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

            हिन्दी संवाद न्यूज से
             रिपोर्टर वी. संघर्ष
                बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने