मुख्यमंत्री ने जनपद ललितपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की

फार्मा पार्क के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिल सके : मुख्यमंत्री

जनपद में जल संरक्षण व जल संवर्धन के लिए लोगों में जागरुकता लायी जाए, छत का पानी रेन हार्वेस्टिंग, वर्षा का जल चेकडेम बनाकर संरक्षित किया जाए

अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए आमजन को प्रेरित किया जाए

राजस्व वादों को मिशन मोड पर निस्तारित किया जाए, एक वर्ष से अधिक कोई भी वाद लम्बित न रहे

किसानों को समय से खाद, बीज, पानी मुहैया कराया जाए, परम्परागत खेती से हटकर वैज्ञानिक खेती के लिए प्रेरित किया जाए

सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए

स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाकर नगर और ग्रामों को स्वच्छ बनाया जाए

मुख्यमंत्री गौ-माता से भूमि-माता तक गौ-उत्पादों से कृषक-समृद्धि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए


लखनऊ : 20 जून, 2026


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद ललितपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जनपद के सैदपुर ग्राम में 1,471 एकड़ में स्थापित किए जा रहे बल्क ड्रग फार्मा पार्क की प्रगति, जनपद की विकास परियोजनाओं, हर घर जल योजना, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, तकनीकि कृषि, राजस्व वादों, मिशन शक्ति, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं नगर की स्वच्छता आदि कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी को सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास ने बल्क ड्रग फार्मा पार्क की प्रगति से अवगत कराते हुए प्रथम चरण का कार्य आगामी सितम्बर माह तक पूर्ण कराने के लिए आश्वस्त किया। साथ ही, एयर, रेल व रोड कनेक्टिविटी को जोड़ते हुए राष्ट्रीय स्तर के 11 एम0ओ0यू0 हस्ताक्षर करने की जानकारी दी। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि फार्मा पार्क के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिल सके।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री जी को जनपद के विकास कार्यक्रमों के सम्बन्ध में अवगत कराया। इन कार्यों में अमझरा गौशाला, ग्रामीण आबादी विशेषकर सहरिया समुदाय के मजरों, सार्वजनक भवनों तक पहुंचने एवं कृषि कार्यों हेतु आवागमन सुलभ बनाने के लिए 01 जनवरी, 2026 को एक साथ 1,602 चकमार्ग व सम्पर्क मार्ग के कार्य शामिल हैं। 133 मियावाकी सघन वन द्वारा 76.45 एकड़ भूमि में वृक्षारोपण किया गया। सभी न्याय पंचायतों में 113 खेल मैदान बनवाने सहित अनेकों कार्यों को प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने जनपद में जल संरक्षण व जल संवर्धन के लिए लोगों में जागरुकता लाने पर बल देते हुए कहा कि छत का पानी रेन हार्वेस्टिंग द्वारा संरक्षित किया जाए। इसी प्रकार वर्षा का जल चेकडेम बनाकर संरक्षित किया जाए। उन्होंने वृक्षारोपण पर बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए सभी को आगे आना होगा। इसके लिए आमजन को प्रेरित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि राजस्व वादों को मिशन मोड पर निस्तारित किया जाए। एक वर्ष से अधिक कोई भी वाद लम्बित न रहे। वादों को समय-सीमा में निस्तारित कर लोगों को न्याय दिलाया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की समीक्षा के दौरान सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा विद्यालय में नामांकन से छूटने न पाये। स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कोताही न बरती जाए। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाकर नगर और ग्रामों को स्वच्छ बनाया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कृषि की समीक्षा करते हुए कहा कि परम्परागत खेती से हटकर वैज्ञानिक खेती के लिए किसानों को प्रेरित किया जाए। इसके लिए कृषि विज्ञान केन्द्रों का उपयोग किया जाए। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न आने पाए। उन्हें समय से खाद, बीज, पानी मुहैया कराया जाए।
बैठक से पूर्व, मुख्यमंत्री जी गौ-माता से भूमि-माता तक गौ-उत्पादों से कृषक-समृद्धि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने