बलरामपुर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत सोमवार को एमएलके पीजी कॉलेज के सभागार में भारतीय जनता पार्टी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने की।
मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा बोया गया राष्ट्रवाद का बीज आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है और भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ता आधारित पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति के कारण कभी कश्मीर जाने के लिए देशवासियों को परमिट लेना पड़ता था। डॉ. मुखर्जी ने "एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे" का प्रबल विरोध किया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपने को साकार किया गया। विपक्ष द्वारा खून-खराबे की आशंका जताई गई थी, लेकिन धारा 370 हटने के बाद शांतिपूर्ण ढंग से परिवर्तन हुआ और सरकार ने अपने संकल्प को पूरा किया।
अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता, बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों के प्रति गहरी आस्था रखता है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का जो सपना डॉ. मुखर्जी ने देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला एवं पूर्व विधायक गैसड़ी शैलेश कुमार सिंह 'शैलू' ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का विचार "सबका साथ, सबका विकास" की भावना पर आधारित था। भाजपा के कार्यकर्ता सत्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के जिला संयोजक अवधेश तिवारी 'तरुण' ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू', उतरौला प्रतिनिधि अनूप गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, दयाराम प्रजापति, वरुण सिंह 'मोनू', संजय शुक्ला, जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह 'पिंकू', महेंद्र पांडे, बिंदु विश्वकर्मा, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह वैस, सह मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय, संदीप उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख महिपाल चौधरी, हेमंत जायसवाल, शक्ति सिंह, ललित तिवारी, विष्णु देव गुप्ता, वंदना पासवान, अमरनाथ शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उमेश चन्द्र तिवारी
9129813351
हिंदी संवाद न्यूज़
बलरामपुर
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know