जलालपुर (अम्बेडकरनगर): जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के फखरपुर गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां फखरपुर निवासी प्रिंस दुबे (पुत्र स्वर्गीय संतोष दुबे) अचानक गांव में बन रही ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसकी मांग थी— उसकी पत्नी को वापस बुलाया जाए।
बताया जाता है कि करीब छह माह पहले प्रिंस ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया और पत्नी मायके चली गई। तब से दोनों के बीच दूरियां थीं।
पत्नी के जाने का दर्द और उसे वापस लाने की जिद प्रिंस को उस ऊंचाई तक ले गई, जहां से वह अपनी बात मनवाना चाहता था। टंकी पर चढ़े युवक को देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार निखिलेश कुमार और जलालपुर पुलिस घंटों युवक को समझाते रहे, लेकिन वह नहीं माना। इस दौरान मीडिया कर्मियों से भी उसने बातचीत की। प्रशासन ने हर संभव सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया, फिर भी वह टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
कई घंटों के इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बीच सभी की निगाहें बस एक ही शख्स के आने का इंतजार कर रही थीं — उसकी पत्नी।
और फिर वो आई...
जैसे ही पत्नी मौके पर पहुंची, माहौल पलट गया। घंटों से जिद पर अड़ा प्रिंस उसे सामने देख भावुक हो उठा। कुछ ही देर की बातचीत में उसका गुस्सा और बेचैनी दोनों शांत हो गए। वह सुरक्षित नीचे उतर आया।
पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया, जबकि प्रिंस को कोतवाली ले जाया गया, जहां उसके परिजनों को भी बुलाया गया है। फिलहाल मामला शांत हो गया है, लेकिन इस अनोखे प्रेम-दबाव ने पूरे इलाके को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know