बलरामपुर- कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में गन्ना विकास विभाग एवं चीनी उद्योग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के प्रगतिशील गन्ना कृषकों एवं गन्ना सहकारी समितियों के अध्यक्षों की उपस्थिति में गन्ना उत्पादन बढ़ाने एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गन्ना कृषक बंधुओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा गन्ने की उपज में वृद्धि हेतु आवश्यक उपायों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक मशीनरी, वैज्ञानिक खेती एवं बेहतर प्रबंधन तकनीकों का उपयोग आवश्यक है।
बैठक में कृषकों को गन्ने की कतार से कतार की दूरी 4 से 5 फीट रखने, यांत्रिक उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा उन्नत कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किए जाने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही गन्ना उत्पादन में वृद्धि के लिए क्लस्टर आधारित खेती को अपनाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई, जिससे लागत में कमी और उत्पादकता में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गन्ना कृषकों को तकनीकी जानकारी एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसान अधिक उत्पादन के साथ बेहतर आय प्राप्त कर सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार, गन्ना समिति अध्यक्ष बलरामपुर रणवीर सिंह रानू, गन्ना समिति अध्यक्ष उतरौला तोताराम वर्मा, प्रदीप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know