बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा नगर पालिका बलरामपुर अंतर्गत मोहल्ला पहलवारा में नवनिर्मित सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मनीष श्रीवास्तव के घर से शोभित श्रीवास्तव के घर होते हुए अनिल पाल सिंह के घर तक कराए गए सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया तथा कार्य की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की लागत, उपयोग की गई सामग्री, निर्माण की समयसीमा एवं तकनीकी मानकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता को परखा तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि समस्त कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप ही संपादित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क एवं नाली निर्माण जैसे कार्य आमजन के दैनिक जीवन से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए इनकी गुणवत्ता और स्थायित्व पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बलरामपुर, संबंधित तकनीकी अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने