अम्बेडकरनगर
शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों का पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के तहत तहसील आलापुर में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए सहित संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को हर प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं। उन्होंने तत्काल निस्तारण योग्य मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सख्त निर्देश जारी किए। भूमि विवाद के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में स्थायी समाधान निकालने को कहा गया। सार्वजनिक भूमियों, चकमार्गों के अतिक्रमण और पैमाइश संबंधी शिकायतों पर तहसीलदार को पैमाइश कराने तथा खंड विकास अधिकारी के साथ समन्वय कर मिट्टी पटाई कराने के निर्देश दिए गए।ईशा प्रिया ने स्पष्ट कहा कि शिकायत निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना अनिवार्य किया गया, ताकि समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें।कार्यक्रम में कुल 184 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know