बलरामपुर- जनपद भ्रमण के दौरान राज्यमंत्री (खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति) / प्रभारी मंत्री  सतीश चंद्र शर्मा द्वारा विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनपद भ्रमण के क्रम में माननीय प्रभारी मंत्री जी ने संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा पर्चा काउंटर, वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, सीटी स्कैन कक्ष, एनएससीयू कक्ष, डायलिसिस यूनिट एवं दवा वितरण काउंटर का अवलोकन कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद स्थापित कर चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके उपरांत माननीय प्रभारी मंत्री जी विकास खंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत कलवारी पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं कंपोजिट विद्यालय कलवारी का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत सचिवालय में संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रामीणों को मिलने वाली योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा पोषण पोटली का वितरण कर कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण हेतु सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इसके पश्चात उन्होंने कंपोजिट विद्यालय कलवारी का निरीक्षण कर शैक्षिक गुणवत्ता का परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक स्थिति का आकलन किया। साथ ही विद्यालय में नवीन नामांकन की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री जी द्वारा विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पहुंचना चाहिए।
उन्होंने जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित सभी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर संचालित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पेंशन योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर बल दिया।
विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री जी ने ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने पर विशेष जोर दिया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि 18 घंटे से कम बिजली आपूर्ति किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस संबंध में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी अवसर पर ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति द्वारा कवच परियोजना के अंतर्गत रोजा संस्थान के सहयोग से 50 छात्राओं को साइकिल वितरित की गईं, जिससे बालिकाओं के शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
     इस अवसर पर माननीय विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, माननीय विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, माननीय विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, नगर पालिका परिषद बलरामपुर अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                   रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने