बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड हरैया सतघरवा अंतर्गत विद्युत विभाग के 33/11 विद्युत उपकेंद्र बेलभरिया का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, वोल्टेज की स्थिति तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, ट्रिपिंग, लो वोल्टेज की समस्या तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
*ग्राम बैजपुर स्थित बंद विद्युत उपकेंद्र का भी किया निरीक्षण*
इस दौरान जिलाधिकारी ने विकास खंड हरैया सतघरवा के ग्राम बैजपुर स्थित बंद विद्युत उपकेंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपकेंद्र के पुनः संचालन हेतु कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत उपकेंद्र के पुनः संचालन से आसपास के विभिन्न ग्रामों में कम वोल्टेज की समस्या का प्रभावी समाधान हो सकेगा तथा ग्रामीणों को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी।
विद्युत व्यवस्था में सुधार हेतु दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, तकनीकी खामियों के त्वरित समाधान तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारु विद्युत व्यवस्था शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता विद्युत व अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know