बलरामपुर- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान डीएम एवं एसपी द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सुगम एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए, जिससे परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know