जनपद बलरामपुर - 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज स्पोर्ट स्टेडियम में जनपद स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में माननीय विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, मा० अध्यक्ष उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग बैजनाथ रावत, शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी/सचिव राज्य सूचना आयोग कुमार प्रशांत, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ सहित अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित रहे।
सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरुआत निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार की गई, जिसमें प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर माननीय विधायक पल्टूराम ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ एवं संतुलित रखने का माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, तनावमुक्त जीवन एवं सकारात्मक ऊर्जा का भी आधार है। वर्तमान समय में स्वस्थ और निरोग रहने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।
जनपद प्रशासन द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी तहसीलों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ किया गया।
इस दौरान जिला आयुर्वेद अधिकारी संजय कुमार, को-आर्डिनेटर शौर्योदय रघुराजी शिक्षण संस्थान आर एन सिंह मौजूद रहें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know