- प्रकृति की विविधता ही जीवन की असली संपदा : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य
- विश्व जैव विविधता दिवस पर प्रदेशवासियों एवं प्रकृति प्रेमियों को दी शुभकामनाएं
लखनऊ, दिनांक 22 मई 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों एवं समस्त प्रकृति प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकृति की विविधता ही जीवन की असली संपदा है। जैव विविधता केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन, कृषि, जल, वन्य जीवों और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है।
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि पृथ्वी पर मौजूद विभिन्न प्रकार के जीव-जंतु, वनस्पतियां, जल स्रोत एवं प्राकृतिक संसाधन मानव सभ्यता को संतुलित और समृद्ध बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि जैव विविधता सुरक्षित रहेगी तो पर्यावरणीय संतुलन भी बना रहेगा तथा मानव जीवन स्वस्थ एवं सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण जैव विविधता पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है, जिससे पूरी दुनिया चिंतित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए अनेक जनकल्याणकारी अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार भी उसी क्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान चला रही है।
उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे प्रकृति संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे अपनी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पेड़ लगाने, जल संरक्षण करने और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति संवेदनशील बनने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विश्व जैव विविधता दिवस हमें यह संदेश देता है कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं। इसलिए हमें न सिर्फ़ जैव विविधता की रक्षा करनी है, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका भी निभानी होगी।
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के लिए जागरूकता फैलाने और प्रकृति के प्रति संवेदनशील जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know