बलरामपुर-महराजगंज तराई क्षेत्र में मिजल्स (खसरा) फैलने की खबरों के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया। शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने विकास खण्ड तुलसीपुर के ग्राम हरिहर नगर और साहेब नगर का स्थलीय निरीक्षण किया।
स्थानीय अखबारों में इन गांवों में मिजल्स फैलने की खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल मेडिकल टीमों को मौके पर भेजा। टीमों ने घर-घर जाकर जांच की और स्थिति का आकलन किया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज तराई के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. बाल मुकुंद मौर्या ने बताया कि जांच के दौरान मिजल्स का कोई भी मामला नहीं पाया गया। गांवों में केवल तीन बच्चे चिकन पॉक्स (चेचक) से पीड़ित मिले हैं। सभी बच्चों को आवश्यक दवाएं दे दी गई हैं और उनकी हालत सामान्य है।
सीएमओ ने बताया कि चिकन पॉक्स में शरीर पर खुजली वाले दाने निकलते हैं, हल्का बुखार आता है और कमजोरी महसूस होती है। वहीं मिजल्स (खसरा) में तेज बुखार, खांसी, नाक बहना, आंखों में लालिमा और बाद में पूरे शरीर पर लाल चकत्ते उभरते हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को गांवों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वे घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रही हैं और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर रही हैं।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने ग्रामीणों को सावधानियां बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई बनाए रखें, संक्रमित व्यक्ति से दूरी रखें और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि महराजगंज तराई में मिजल्स फैलने की खबर पूरी तरह निराधार है। 

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                 बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने