जलालपुर ,अम्बेडकर नगर। तृतीय बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। जगह-जगह भंडारे और शरबत वितरण की व्यवस्था की गई, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
नेवादा कला में दीपक त्रिपाठी के भंडारे ने मिसाल कायम की
समाजसेवी दीपक त्रिपाठी ने नेवादा कला में विशाल भंडारे का आयोजन कर मिसाल पेश की। संगत मंदिर के अंदर सुंदरकांड का सामूहिक पाठ कराया गया, जिसके बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं उल्लास के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

उर्दू बाजार, जमालपुर चौराहा व मालीपुर में भी उमड़ी भक्तों की भीड़
उर्दू बाजार रोड स्थित जमालपुर चौराहे पर सहचर सेवा संस्थान की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद पाया। वहीं मालीपुर चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के सामने भी भंडारे का आयोजन किया गया। तमाम स्थानों पर स्टॉल लगाकर ठंडा-मीठा शरबत वितरण किया गया, जिससे आए हुए लोगों ने राहत और तृप्ति का अनुभव किया।
गोयल साड़ीज ने भी बांटा शरबत, दिखाई सामाजिक सहभागिता
बड़े मंगल के इस शुभ अवसर पर गोयल साड़ीज (मठिया मंदिर जाने वाली गली के बगल) में भी शरबत वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने मिलकर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।

पूरे क्षेत्र में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सभी आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण रहे, और श्रद्धालुओं ने बड़े मंगल की कृपा से अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने