बलरामपुर- जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सिंचाई, बाढ़ खंड, भूमि संरक्षण, कृषि रक्षा, लघु सिंचाई एवं नलकूप विभाग से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
*कटान रोधी कार्यों को वर्षा से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश*
बाढ़ खंड के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित कटान रोधी कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्यों को आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए, ताकि संभावित बाढ़ एवं कटान से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
*खेल तालाब योजना से असिंचित क्षेत्रों को मिलेगा लाभ*
भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खेल तालाब योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि इस योजना के अंतर्गत विशेष रूप से असिंचित एवं जल संकट वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके और कृषि उत्पादकता में वृद्धि हो।
*नलकूपों की शत-प्रतिशत कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश*
नलकूप विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी राजकीय नलकूपों को सदैव चलित अवस्था में बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी नलकूप के बंद पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
*टीम बनाकर होगी नलकूपों की जांच*
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि विकास खंड स्तर पर टीम गठित कर सभी नलकूपों की नियमित जांच कराई जाए। यह टीम सुनिश्चित करेगी कि सभी नलकूप कार्यशील स्थिति में रहें तथा किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सिंचाई एवं भूमि संरक्षण से जुड़े सभी कार्य सीधे तौर पर किसानों के हित से जुड़े हैं, इसलिए इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण करने एवं कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता उपस्थित रहें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know