गोण्डा /नीट पेपर लीक पर फूटा छात्रों का गुस्सा, शिवम पाण्डेय को पुलिस ने किया नजरबंद, शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से इस्तीफे की मांग
लखनऊ में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाण्डेय को गोंडा पुलिस ने इटियाथोक क्षेत्र के बहलोलपुर चौराहे पर रोककर वापस उनके आवास भेज दिया। बुधवार देर रात से ही पुलिस ने उन्हें निगरानी में रखा था।
इसके बाद गुरुवार सुबह शिवम पाण्डेय ने अपने समर्थकों के साथ बहलोलपुर स्थित आवास को ही आंदोलन का केंद्र बना दिया। सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र और युवा वहां जुटने लगे। हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों ने “पेपर लीक बंद करो”, “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारों के साथ सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाण्डेय ने कहा कि नीट पेपर लीक ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेहनत करने वाले लाखों छात्रों का विश्वास टूट रहा है, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। प्रभारी निरीक्षक इटियाथोक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एहतियातन कदम उठाए गए हैं।
करुआ पारा निवासी छात्र सचिन तिवारी ने कहा, “मैं गांव में रहकर पढ़ाई करता हूं। मेरा पेपर बहुत अच्छा गया था, लेकिन पेपर लीक की खबर से मेरा मन बहुत दुखी है। अब सरकार और व्यवस्था पर से भरोसा उठता जा रहा है।”
इस दौरान सौरभ उपाध्याय, रजेश मौर्य, रंजीत पांडेय, सहजाद, कप्तान पाठक, विराट मिश्रा, नीतीश वर्मा, शुभम तिवारी, सोनू चौधरी सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा मौजूद रहे।
उमेश चन्द्र तिवारी
9129813351
हिंदी संवाद न्यूज़
उत्तर प्रदेश
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know