अम्बेडकर नगर
भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जनपद अम्बेडकर नगर में जनगणना 2027 की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। जनपद में कुल 4429 गणना ब्लॉकों में यह कार्य संपन्न कराया जाना है।जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि मकान सूचीकरण (HLO) कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए सभी लोग अपनी स्व-गणना आईडी (SE ID) प्रगणकों के साथ साझा करें। इससे गणना प्रक्रिया अधिक सरल, सटीक और सुव्यवस्थित हो सकेगी।ईशा प्रिया ने कहा, “जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारभूत प्रक्रिया है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है।”उन्होंने आश्वासन दिया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय तथा शासकीय नियोजन के उद्देश्य से ही किया जाएगा। इसलिए आमजन बिना किसी संकोच के प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।“हम सबकी सहभागिता, विकसित भारत की आधारशिला”
ईशा प्रिया ने इस संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि सही और विश्वसनीय आंकड़े ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु ने भी समस्त जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना 2027 के कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और प्रगणकों को आवश्यक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दें।जनगणना प्रक्रिया में नागरिकों का सक्रिय सहयोग पूरे जनपद में निर्धारित समयसीमा के अंदर कार्य पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने