बलरामपुर- समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना के अंतर्गत आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जनपद में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दिया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के दोनों केंद्रों, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बलरामपुर और विशुनपुर विश्राम पचपेड़वा में UPSC, UPPCS, NEET, JEE, NDA, CDS एवं विभिन्न एकदिवसीय परीक्षाओं के नए बैच के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं।
प्रवेश के लिए निर्धारित पात्रता के अनुसार NEET और JEE के लिए कक्षा 11 व 12 में अध्ययनरत या उत्तीर्ण विज्ञान वर्ग के छात्र आवेदन कर सकते हैं। वहीं UPSC और UPPCS के लिए स्नातक अंतिम वर्ष या उत्तीर्ण छात्र पात्र होंगे। NDA, CDS और अन्य एकदिवसीय परीक्षाओं के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण या संबंधित परीक्षा की शैक्षिक अर्हता रखने वाले छात्र अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
इच्छुक छात्र-छात्राएं किसी भी कार्य दिवस में डायट बलरामपुर या थारू परियोजना कार्यालय विशुनपुर विश्राम से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोचिंग में प्रवेश का आधार विभागीय चयन परीक्षा होगी और सफल अभ्यर्थियों के लिए नया बैच 01 जुलाई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा।
योजना की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि यह कोचिंग पूर्णतः निःशुल्क है, जहाँ विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा अध्यापन के साथ-साथ नियमित मॉक टेस्ट और मूल्यांकन की सुविधा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त छात्रों को अध्ययन सामग्री, नोट्स, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और संदेह निवारण हेतु लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। छात्र किसी भी समस्या या जानकारी के लिए कोर्स कोऑर्डिनेटर सचिन कुमार सिंह से उनके मोबाइल नंबर 9555359557 या 6392867810 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know