*मंत्री ए.के. शर्मा के प्रयासों से मऊ में स्वास्थ्य सेवाओं को मिला बड़ा आयाम*


*एनटीपीसी के सहयोग से 62.10 लाख की लागत से जिला अस्पताल में विकसित होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं*


*आमजन को सस्ती, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*


*जनहित के कार्यों को गति देने के लिए मंत्री श्री शर्मा ने मा.प्रधानमंत्री, मा.मुख्यमंत्री एवं एनटीपीसी प्रबंधन का जताया आभार*


लखनऊ,05 अप्रैल 2026


नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा के सतत एवं प्रभावी प्रयासों से जनपद मऊ में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। उनके विशेष प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत सरकार के उपक्रम एनटीपीसी के सहयोग से जिला अस्पताल मऊ में 62.10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना की जाएगी, जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नया बल मिलेगा।


इस योजना के अंतर्गत जिला अस्पताल में इको मशीन, सी आर्म  मशीन, लेप्रोस्कोपी एवं वेंटिलेटर सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से मरीजों को अब जटिल ऑपरेशन एवं गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार की सुविधा मिलने से समय और धन दोनों की बचत होगी तथा मरीजों को त्वरित राहत मिल सकेगी।श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मऊ जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह पहल एक मील का पत्थर साबित होगी और इससे आमजन को सीधे लाभ पहुंचेगा।


उन्होंने आगे कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की समन्वित कार्यशैली के कारण ही इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। एनटीपीसी द्वारा दिया गया सहयोग सामाजिक दायित्व के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में देखा जा सकता है, जिससे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी।मंत्री श्री शर्मा ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए मा. प्रधानमंत्रीजी, मा. मुख्यमंत्रीजी तथा एनटीपीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और सहयोग से ही इस प्रकार के विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं, जो सीधे तौर पर जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक हैं।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने