बलरामपुर- ‘बलरामपुरमहोत्सव-2026’ के दूसरे दिवस आज उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों की अनुपम छटा देखने को मिलेगी।
महोत्सव के इस विशेष अवसर पर एक ओर स्कूली छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, वहीं दूसरी ओर शाम और रात्रि सत्र में ख्यातिप्राप्त कलाकारों एवं कवियों की प्रस्तुतियां जनमानस को मंत्रमुग्ध करेंगी।
प्रातःकालीन सत्र में स्कूली छात्र-छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को गरिमामय शुरुआत दी। सी.एम.एस. के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, बलरामपुर मॉडर्न स्कूल का समूह नृत्य, नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं का नृत्य एवं गायन तथा एम.डी.के. इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों का समूह नृत्य विशेष आकर्षण रहेगा।
सायंकालीन सत्र में स्थानीय एवं प्रतिभाशाली कलाकार अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहेंगे। इस क्रम में शिखा पाण्डेय द्वारा एकल नृत्य, मानसी चौहान द्वारा गायन, अराधना गौतम द्वारा बधावा एवं अवध की होली, तथा मोहनी द्वारा राई नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
रात्रि 7:15 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित ‘बॉलीवुड नाइट’ आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी, जिसमें मशहूर गायक अल्ताफ राजा अपनी मधुर एवं सदाबहार प्रस्तुतियों से बलरामपुर की शाम को यादगार बनाएंगे। उनके लोकप्रिय गीतों की स्वर लहरियां महोत्सव में उपस्थित जनसमूह को सुरों की विशेष अनुभूति कराएंगी।
इसके उपरांत रात्रि 9:00 बजे से समापन तक ‘कवि सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हास्य, ओज, वीर रस एवं समसामयिक रचनाओं की मनमोहक प्रस्तुति होगी। इस कवि सम्मेलन में डॉ. सुनील जोगी, दिनेश रघुवंशी, अनिल अग्रवंशी, मणिका दुबे, अभय निर्भीक, स्वयं श्रीवास्तव, सर्वेश अस्थाना, विकास बौखल एवं राहुल शर्मा अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से श्रोताओं को आनंदित करेंगे।
‘बलरामपुर महोत्सव-2026’ का दूसरा दिवस कला, संगीत, साहित्य और मनोरंजन का अद्भुत संगम लेकर आया है। जनपदवासियों से अपील है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें और महोत्सव की गरिमा को बढ़ाएं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know