पुलिस अधिकारियों/कर्मियों हेतु एचआईवी/एड्स विषयक जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यशाला का हुआ आयोजन
गोण्डा। जनपद गोण्डा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति, गोण्डा द्वारा एक दिवसीय जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला एचआईवी/एड्स अधिनियम-2017 पर आधारित रही, जिसमें संबंधित प्रावधानों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल उपस्थित रहे। जिनके द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा एचआईवी/एड्स के संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, जांच एवं उपचार की उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही एचआईवी/एड्स से ग्रसित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने पर विशेष बल दिया गया। यह भी बताया गया कि एचआईवी/एड्स अधिनियम-2017 के अंतर्गत संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव करना दण्डनीय अपराध है तथा सभी को उनके सम्मान और गोपनीयता का अधिकार प्राप्त है। पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से यह निर्देशित किया गया कि वे ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और कानून के प्रावधानों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि पुलिस बल का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता प्रदर्शित करना भी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की कि वे एचआईवी/एड्स से संबंधित जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया गया।

*कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन सुश्री शिल्पा वर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी/जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ0 जय गोविन्द एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की ओर से श्रीमती अंकिता सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।*

*ब्यूरो चीफ गोण्डा_प्रशांत मिश्रा*

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने