मुख्यमंत्री को खून से लिखा पत्र, टेढ़ी नदी में नाला निर्माण रोकने की मांग
गोंडा। जिले के कटरा बाजार क्षेत्र के कटुआ नाला निवासी समाजसेवी सत्यम सिंह “ठाकुर” ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से सना पत्र लिखकर बहराइच जिले से टेढ़ी नदी में गिराए जा रहे नाले के निर्माण को रोकने की मांग उठाई है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
समाजसेवी सत्यम सिंह ठाकुर का कहना है कि बहराइच जनपद के हुजूरपुर क्षेत्र के ज्ञानापुर गांव का पानी टेढ़ी नदी में गिराने के लिए नाला बनाया जा रहा है। यदि यह नाला बनकर नदी में सीधे गंदा पानी छोड़ा गया तो आसपास के गांवों के लोगों के लिए गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि टेढ़ी नदी में आसपास के गांवों के बच्चे स्नान करते हैं। इसके अलावा कटुआ नाला, टेढ़ी और रायपुर समेत कई गांवों की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी इसी नदी में किया जाता है। ऐसे में नाले का गंदा पानी नदी में मिलने से जल प्रदूषण बढ़ेगा और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।
समाजसेवी का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने पहले भी बहराइच और गोंडा के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों द्वारा समस्या का समाधान न होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री को खून से पत्र लिखकर अपनी मांग रखी है।
इस मौके पर दिवाकर तिवारी, माधवराज गोस्वामी सहित कई युवा साथी मौजूद रहे। पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि टेढ़ी नदी में गिराए जा रहे नाले के निर्माण को तत्काल रोका जाए। साथ ही नदी की साफ-सफाई, आसपास वृक्षारोपण कराने तथा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए पक्का घाट बनवाने की भी मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके और नदी का वातावरण भी स्वच्छ बना रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाले का गंदा पानी नदी में जाने से नहीं रोका गया तो आने वाले समय में यह क्षेत्र के लिए बड़ी समस्या बन सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।



एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know