सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस द्वारा ‘डिवाइन एजूकेशन कान्फ्रेन्स’ का आयोजन,

आई.ए.एस. में चयनित सी.एम.एस. छात्रा नैन्सी सिंह (रैंक 34) का हुआ भव्य सम्मान

सी.एम.एस. छात्र पूरे विश्व में लखनऊ का गौरव बढ़ा रहे हैं

-- कर्नल (डा.) प्रवीण कुमार सिंह, डायरेक्टर, यू.आई.डी.ए.आई. रीजनल आफिस, लखनऊ

लखनऊ, 20 मार्च। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस द्वारा ‘डिवाइन एजुकेशन कान्फ्रेन्स’ का आयोजन आज विद्यालय के आॅडिटोरियम में बड़े ही उल्लासपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि कर्नल (डा.) प्रवीण कुमार सिंह, डायरेक्टर, यू.आई.डी.ए.आई. रीजनल आफिस, लखनऊ, ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया जबकि आॅल इण्डिया 34वीं रैंक के साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा-2025 में चयनित सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की छात्रा नैन्सी सिंह ने अपनी उपस्थिति से छात्रों को उच्च सफलता हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर नैन्सी सिंह को उनकी अभूतपूर्व सफलता हेतु विशेष रूप से सम्मानित किया गया, साथ ही उनके पिताजी श्री चेतराम अहिरवार एवं माताजी श्रीमती जयश्री अहिरवार को भी सम्मानित किया गया। सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की वर्ष 2017 बैच की छात्रा नैन्सी सिंह सी.एम.एस. की 86वीं छात्र हैं, जिन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा में सफलता अर्जित की है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कर्नल (डा.) प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि जहाँ एक ओर, शुभांशु शुक्ला जैसे सी.एम.एस. छात्र, जिन्होंने अन्तरिक्ष यात्रा का इतिहास रचकर पूरे विश्व में लखनऊ का नाम रोशन किया है तो वहीं दूसरी ओर सी.एम.एस. के अनेको छात्र उच्च पदों पर आसीन होकर समाज की सराहनीय सेवा कर रहे हैं। सी.एम.एस. के 86 छात्रों का प्रशासनिक सेवा में चयनित होना यहाँ की शिक्षा पद्धति के महत्व को स्वयं ही रेखांकित करता है। समारोह की प्रशंसा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार के समारोह बच्चों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक व चारित्रिक विकास में अत्यन्त महत्वपूर्ण है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि सी.एम.एस. की सफलता में विद्वान शिक्षकों का योगदान सर्वोपरि है, जो बच्चों की नैसर्गिक प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने में सतत् प्रयासरत हैं। 

इससे पहले, ‘डिवाइन एजुकेशन कान्फ्रेन्स’ का शुभारम्भ स्कूल प्रार्थना, सर्व-धर्म प्रार्थना व विश्व एकता प्रार्थना से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने ईश्वरीय भक्ति से परिपूर्ण अपने गीत-संगीत से ऐसा समां बाँधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गये। छात्रों ने अभिभावकों के समक्ष न सिर्फ अपने ज्ञान-विज्ञान का अपितु गीत, संगीत व नृत्य द्वारा अपनी बहुमुखी प्रतिभा का अभूतपूर्व प्रदर्शन किया, साथ ही विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही नैतिक, चारित्रिक व आध्यात्मिक शिक्षा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह का विशेष आकर्षण मेधावी छात्रों का सम्मान रहा, जिसके अन्तर्गत वार्षिक परीक्षाओं, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, साँस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले छात्रों को सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सी.एम.एस. कानपुर रोड की प्रधानाचार्या श्रीमती आभा अनन्त ने अभिभावकों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सी.एम.एस. एक अलग तरह का स्कूल है जो बच्चों को अन्दर से मजबूत और बाहर से आकर्षक बनाता है जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सामना बहादुरी से कर सकें। 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने