बलरामपुर। होली के पावन पर्व को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण में मनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे रासायनिक एवं हानिकारक रंगों का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि बाजार में मिलने वाले कई रंगों में हानिकारक केमिकल्स मिले होते हैं, जो त्वचा, आंखों और श्वसन तंत्र को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने बताया कि रासायनिक रंगों के प्रयोग से एलर्जी, त्वचा संक्रमण, आंखों में जलन तथा सांस संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को ऐसे रंगों से दूर रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों का ही उपयोग करें और होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने भी जनपद बलरामपुर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि होली खेलते समय आंखों और मुंह की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी को रंग से एलर्जी या जलन की शिकायत हो तो तुरंत साफ पानी से धोएं और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को होली के दौरान अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि होली के दौरान शराब या नशे का सेवन कर वाहन न चलाएं, पानी की बर्बादी से बचें और स्वच्छता का ध्यान रखें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों को सुरक्षित, स्वस्थ एवं आनंदमय होली की शुभकामनाएं दी हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know