जलालपुर (अंबेडकर नगर): चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को जलालपुर तहसील क्षेत्र के मठिया गंजा मोहल्ले में धार्मिक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां मां दुर्गा की नई प्रतिमा का भव्य नगर भ्रमण एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। क्षेत्र में माता के जयकारों और आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यह ऐतिहासिक यात्रा जलालपुर बौलिया से विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शुरू हुई। हजारों महिलाएं, पुरुष और बच्चे अपने हाथों में कलश लिए ‘जय माता दी’ और ‘हर हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष के साथ चल रहे थे। यात्रा ने उसमापुर, यादव चौराहा, शिवा जी चौक और जमालपुर चौराहा होते हुए पूरे नगर का भ्रमण किया।
यात्रा का मुख्य आकर्षण शीतला मठिया मंदिर पहुंचना रहा, जहाँ विशेष पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक थी कि दूर-दूर तक सिर्फ भक्तों की कतारें नजर आईं। मंदिर में पूजन के बाद यह विशाल यात्रा पुनः उसी मार्ग से वापस लौटी और मठिया मंदिर बौलिया पर संपन्न हुई।
इस भव्य आयोजन की सफलता के लिए संदीप गुप्ता, रमेश मौर्य, रामदौर मिश्र, राममूरत मौर्य, श्यामजी, अवधेश, कुंदन सोनी और दुर्गाप्रसाद ने व्यवस्था की कमान संभाली। उनके अथक प्रयासों से यह यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सकी।
इस अवसर पर क्षेत्र की गणमान्य हस्तियों ने भी शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव, नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, पूर्व नगर अध्यक्ष मानिक चंद सोनी, संजीव मिश्र, सभासद बेचन पांडे, दिलीप यादव, पिछड़ा मोर्चा नगर अध्यक्ष सोनू गौड समेत सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए कोतवाल अजय प्रताप यादव के नेतृत्व में पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिस टीम ने यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखते हुए व्यवस्था को सुरक्षित और सकुशल बनाए रखा।
पूरा जलालपुर क्षेत्र इस धार्मिक आयोजन में सराबोर हो गया। यह कलश यात्रा क्षेत्र की सांप्रदायिक एकता और आस्था का अद्भुत उदाहरण बन गई।
नवरात्रि का उल्लास: मां दुर्गा की नई प्रतिमा का भव्य नगर भ्रमण, कलश यात्रा से गूंजा जलालपुर
विकाश कुमार निषाद हिंदी संवाद
0
टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know