बलरामपुर- आदर्श नगरपालिका परिषद के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath तथा नगर विकास मंत्री के संबोधन को नगर के लाभार्थियों द्वारा सुना गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रथम किस्त के रूप में करीब 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का हस्तांतरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद बलरामपुर में भी योजना के अंतर्गत कुल 210 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। इसमें बलरामपुर नगर के 31,उतरौला के 38,गैसड़ी के 74,पचपेड़वा के 35 तथा तुलसीपुर के 32 लाभार्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर उपस्थित अपर जिलाधिकारी शिव नारायण सिंह ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों को पहली किस्त प्राप्त हुई है वे जल्द से जल्द अपने आवास का निर्माण कार्य शुरू कराएं, ताकि समय पर निरीक्षण के बाद उन्हें दूसरी और तीसरी किस्त भी मिल सके। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त एक लाख रुपये,द्वितीय किस्त एक लाख रुपये तथा तृतीय किस्त 50 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाती है।
उन्होंने लाभार्थियों को स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को एक भी रुपये देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति किसी प्रकार की धनराशि की मांग करता है तो लाभार्थी उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें और संभव हो तो उसका फोटो खींचकर भेजें,ताकि उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कई लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर ईओ एवं पीओ डूडा लाल चन्द्र मौर्य,अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस,डूडा प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह,सीएलटीसी डूडा कृष्ण मुनि सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। लाभार्थियों में खातून बेगम,लक्ष्मी, विमला मिश्र, विनीता मिश्र,बच्चन देवी, पूनम, रेनू, प्रेमनाथ, रुकसाना,रवि प्रकाश आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थियों ने सरकार द्वारा दी जा रही इस सहायता के लिए आभार व्यक्त किया और जल्द से जल्द अपने आवास का निर्माण पूरा करने की बात कही।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know