आनंद नगर में भीषण जाम से हाहाकार, पुलिस नदारद—राजगीरों ने संभाली व्यवस्था

आनंद नगर (महाराजगंज)।
आनंद नगर कस्बे में एक बार फिर भीषण जाम ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। मुख्य सड़क पर घंटों तक वाहन रेंगते रहे और राहगीर भारी परेशानी में फंसे रहे, लेकिन इस दौरान पुलिस प्रशासन की कोई प्रभावी मौजूदगी नजर नहीं आई।
स्थिति लगातार बिगड़ती देख राजगीरों ने खुद मोर्चा संभाला और सड़क पर खड़े होकर यातायात को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों और राजगीरों की मेहनत के बाद ही जाम धीरे-धीरे खुल सका। अगर स्थानीय लोग आगे नहीं आते, तो हालात और भी गंभीर हो सकते थे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आनंद नगर में शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो जब जाम की समस्या न हो। अत्यधिक अतिक्रमण, सड़क किनारे अवैध कब्जे और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण कस्बा रोज़ जाम की चपेट में रहता है।
सबसे दुखद पहलू यह है कि इस गंभीर समस्या को लेकर बार-बार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही है। न तो स्थायी समाधान किया जा रहा है और न ही अतिक्रमण के खिलाफ ठोस कार्रवाई।
आनंद नगर की जाम समस्या से हर अधिकारी परिचित है, फिर भी हालात जस के तस बने हुए हैं। स्थानीय जनता सवाल कर रही है कि क्या आनंद नगर को इसी तरह भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है?
जनता ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी ट्रैफिक प्लान, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और नियमित निगरानी की मांग की है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने