बलरामपुर।स्थानीय आज़ाद पार्क में क्रांतिकारी विचार धारा मोर्चा द्वारा प्रातः स्मरणीय अमर शहीद एवं महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आदर्श नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ तथा मोर्चा के संयोजक/अध्यक्ष डॉ. राकेश चंद्रा द्वारा क्रांतिकारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रनायक को नमन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मोर्चा के संयोजक डॉ.राकेश चंद्रा ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1931 में देश के गद्दारों द्वारा अंग्रेजों से मुखबिरी किए जाने के कारण अल्फ्रेड पार्क (वर्तमान आज़ाद पार्क) में चंद्रशेखर आज़ाद को घेर लिया गया था। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कई अंग्रेज सिपाहियों का मुकाबला किया और अंततः अपनी अंतिम गोली स्वयं को मारकर मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। डॉ.चंद्रा ने कहा कि जिस प्रकार उस समय राष्ट्रविरोधी शक्तियाँ सक्रिय थीं, उसी प्रकार आज भी देश विरोधी ताकतें समाज में सक्रिय हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्य अतिथि आदर्श नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि वर्तमान परिवेश में महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद के संपूर्ण जीवन संघर्ष और त्याग को पढ़ना और आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही राष्ट्रहित में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी डी.पी. सिंह बैस,मोर्चा के कमलेश त्रिपाठी,जितेंद्र कुमार,सतीश श्रीवास्तव,अर्जुन यादव,डॉ.अफजाल अहमद खान,शिवम्,जय प्रकाश हिन्दू, सजीव श्रीवास्तव,संजय कश्यप,लक्ष्मण जायसवाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
उमेश चन्द्र तिवारी
9129813351
हिंदी संवाद न्यूज़
बलरामपुर
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know