बलरामपुर - नगर क्षेत्र में स्पोर्ट्स स्टेडियम के चारों ओर चल रहे सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य का आज नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने राजकीय ठेकेदार रूपेश ओझा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता,प्रगति एवं निर्धारित मानकों का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चेयरमैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के दौरान जहाँ-जहाँ क्रॉस (पानी के आवागमन हेतु नालियों/पाइपों का प्रावधान) आवश्यक है,वहाँ उनका समुचित निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि बरसात के समय जलनिकासी में किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो। इसके साथ ही उन्होंने दिक्षित चौराहे के चौड़ीकरण के निर्देश देते हुए कहा कि इससे वाहनों के आवागमन में सुगमता आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित बनेगी।
डॉ.धीरू ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों व ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएँ। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण केवल आवागमन का साधन नहीं,बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
चेयरमैन ने कहा,“जनहित में सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं टिकाऊ सड़क निर्माण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया जा रहा है।”
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

           हिन्दी संवाद न्यूज से
             रिपोर्टर वी. संघर्ष
              बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने