आगामी 28 फरवरी को मोहनलालगंज में पं0 दीनदयाल उपाध्याय वृहद पशु आरोग्य मेला/शिविर (मण्डल स्तर पर) का आयोजन किया जायेगा
शिविर में पशुपालकों को विभिन्न सुविधायें निःशुल्क उपलब्ध करायी जायेगी
लखनऊ: 17 फरवरी, 2026
लखनऊ के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 सुरेश कुमार ने आज यहां बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता परक योजनान्तर्गत जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में दिनांक 28 फरवरी, 2026 को प्रातः 08ः00 बजे से जनपद लखनऊ के मजरा- गनियार, ग्राम पंचायत-भौंदरी, विकासखण्ड-मोहनलालगंज में पं0 दीनदयाल उपाध्याय वृहद पशु आरोग्य मेला/शिविर (मण्डल स्तर पर) का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जनपद के पशुपालकों को विभाग द्वारा विभिन्न सुविधाएॅ उपलब्ध करायी जायेगीं।
डा0 सुरेश कुमार ने बताया कि शिविर में रोगी पशुओं का अति विशिष्ट उपचार एवं औषधि वितरण, रोग ग्रस्त पशुओं की अल्ट्रासाउण्ड मशीन द्वारा जांच, पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान एवं बॉझपन समस्या का निवारण, पशुओं की लघु शल्य चिकित्सा, निःशुल्क पशु टीकाकरण, पशुपालकों को पशुओं के पशुधन बीमा की सुविधा तथा पशुपालकों को पशुओं की उन्नत तकनीक की वैज्ञानिकों द्वारा जानकारी दी जायेगी। इसके अतिरिक्त मेले/शिविर में पंजीकृत पशुपालकों के पशुओं को निःशुल्क कृमिनाशक दवापान, खनिज लवण (मिनरल मिक्सचर) तथा सकेन्द्रित पशु आहार उपलब्ध कराया जायेगा, पशुपालन के क्षेत्र में उद्यमिता के अवसर की जानकारी प्रदान की जायेगी। साथ ही अन्य विभागों यथा कृषि, उद्यान मत्स्य आदि के बारे में जानकारी भी दी जायेगी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त पशुपालकों से अपील की है कि वह मेले/शिविर में अपने अधिक से अधिक पशुओं को लाकर मेले में विभाग द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं का लाभ उठायें।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know