मुख्यमंत्री ने फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक प्रो0 श्याम बिहारी लाल 
तथा दुद्धी विधान सभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक श्री विजय सिंह को श्रद्धांजलि दी

लखनऊ : 10 फरवरी, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां उत्तर प्रदेश विधान सभा के बजट सत्र में जनपद बरेली के फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक प्रो0 श्याम बिहारी लाल तथा जनपद सोनभद्र के दुद्धी विधान सभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक श्री विजय सिंह को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान विधान सभा सदस्य प्रो0 श्याम बिहारी लाल का दिनांक 02 जनवरी, 2026 को लगभग 60 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका असमय निधन हम सभी के लिए दुःखद है। प्रो0 श्याम बिहारी लाल वर्तमान उत्तर प्रदेश विधान सभा में दूसरी बार सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए थे। वह सर्वप्रथम वर्ष 2017 में तथा उसके बाद वर्ष 2022 के सामान्य निर्वाचन में निर्वाचन क्षेत्र फरीदपुर, जनपद बरेली से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विधान सभा सदस्य निर्वाचित हुए। उनका व्यक्तित्व मिलनसार, शिक्षित और जमीन से जुड़े हुए नेता के रूप में था। वह समाज के सभी वर्गों, विशेषकर पिछड़ों, वंचितों और गरीबों के कल्याण के लिए निरन्तर समर्पित रहे। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में अनेक बुनियादी विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में सकारात्मक योगदान दिया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रो0 श्याम बिहारी लाल का राजनीति के साथ शिक्षा जगत से भी विशेष जुड़ाव था। वह एक कुशल शिक्षक होने के साथ-साथ इतिहास संकलन समिति, बरेली के अध्यक्ष व जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की कार्य समिति के सदस्य रहे। जब शिक्षा जगत से जुड़े इस प्रकार के विद्वान-शिक्षाविद् विधान सभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होते हैं, तो वह अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता से भावी पीढ़ी के निर्माण में सामाजिक चेतना का विकास करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक परम्पराओं को भी और अधिक सुदृढ़ करते हैं। उनके निधन से प्रदेश ने एक समर्पित नेता एवं कुशल राजनीतिज्ञ खो दिया है। उनके निधन से प्रदेश और भारतीय जनता पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान विधान सभा के वरिष्ठ सदस्य श्री विजय सिंह का दिनांक 08 जनवरी, 2026 को 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका निधन हम सभी के लिए दुःखद है। श्री विजय सिंह वर्तमान विधान सभा में 8वीं बार सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए थे। वह सर्वप्रथम वर्ष 1980 में, उसके पश्चात वर्ष 1985 में निर्वाचन क्षेत्र दुद्धी (तत्कालीन जनपद मिर्जापुर) से निर्वाचित हुए। वह वर्ष 1989 में निर्दलीय, वर्ष 1991 व वर्ष 1993 में जनता दल, वर्ष 1996, वर्ष 2002 तथा मई, 2024 के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर निर्वाचन क्षेत्र दुद्धी, जनपद सोनभद्र से विधान सभा सदस्य निर्वाचित हुए। वह विधान सभा की अनेक समितियों के सदस्य रहे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्री विजय सिंह को जनजातीय समाज की सशक्त आवाज के रूप में जाना जाता था। वह सादगी, सरल व्यवहार और संघर्षशील छवि के लिए जनता के बीच में लोकप्रिय थे। उन्होंने जनजातीय समाज के जल, जंगल, जमीन का अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को सदैव प्राथमिकता दी। अपने निर्वाचन क्षेत्र और जनजातीय समाज के हितों को लेकर सदन में भी लगातार मुखर रहे। वह अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, नई दिल्ली के सदस्य रहे। श्री विजय सिंह के निधन से प्रदेश ने एक कुशल राजनीतिज्ञ और समाजसेवी को खो दिया। उनके निधन से न केवल जनजातीय समाज, बल्कि पूरे समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।
मुख्यमंत्री जी ने स्व0 श्याम बिहारी लाल तथा स्व0 विजय सिंह के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना तथा परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।
विधान सभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने पूरे सदन की ओर से तथा विधान सभा के अन्य सदस्यों ने भी दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए अपने विचार व्यक्त किये। सभी सदस्यों ने उनके सम्मान में कुछ क्षण का मौन रखा। दिवंगत विधान सभा सदस्य द्वय को श्रद्धांजलि देने के पश्चात विधान सभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गयी।  

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने