मुख्यमंत्री ने बाराबंकी में ब्रह्मलीन हिन्द केसरी पहलवान महन्त श्री हरिशंकर दास जी
महाराज की पुण्य स्मृति में श्रीराम जानकी मन्दिर में ‘रामार्चा पूजा’ में प्रतिभाग किया

विकास की परम्परा को आगे बढ़ाने के लिए जनपद
बाराबंकी में एक विकास प्राधिकरण स्थापित किया जाएगा : मुख्यमंत्री

बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मन्दिर में श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर
की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर बनेगा, सरकार के स्तर से धनराशि
आवण्टित की जा चुकी, शीघ्र ही कार्य प्रारम्भ होगा

लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में भव्य कॉरिडोर बनाया जा रहा

महन्त श्री हरिशंकर दास जी महाराज ने सैकड़ों नौजवानों के समक्ष धर्म
के मार्ग पर चलने तथा राष्ट्र की रक्षा के लिए नागा संन्यासियों की
तरह स्वयं को समर्पित कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया

आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मन्दिर बन चुका, कयामत
के दिन तक भी बाबरी मस्जिद का पुननिर्माण नहीं हो सकता

84 कोसी परिक्रमा का मार्ग बनने से जनपद बाराबंकी का चहुंमुखी विकास होगा

स्टेट कैपिटल रीजन में बाराबंकी को लिया गया, इससे विकास कार्यक्रम
तेजी से आगे बढ़ेंगे, युवाओं को यहीं रोजगार मिलेगा, रामसनेही
घाट में बहुत बड़े औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही

प्रदेश सरकार श्री के0डी0 सिंह बाबू की हवेली को भव्य स्मारक बना रही, ताकि बाराबंकी
 के नौजवान श्री के0डी0 सिंह बाबू से प्रेरणा प्राप्त कर राष्ट्रीय खेल हॉकी से जुड़ सकें

लोधेश्वर महादेव सहित अन्य पौराणिक स्थलों को जोड़ने
के लिए मार्ग निर्माण हेतु धनराशि आवण्टित की जा चुकी

प्रदेश में रहना है, तो कायदे से रहना होगा, कानून का पालन करना होगा

वृद्धावस्था, निराश्रित महिला तथा दिव्यांग पेंशन के माध्यम से
01 करोड़ 06 लाख लाभार्थियों को प्रतिवर्ष 12 हजार रु0 की
धनराशि डी0बी0टी0 के माध्यम से उपलब्ध करायी जा रही


लखनऊ : 10 फरवरी, 2026 :ः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि विकास की परम्परा को आगे बढ़ाने के लिए जनपद बाराबंकी में एक विकास प्राधिकरण स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से जनपद के विकास को और अधिक गति मिलेगी। बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मन्दिर में श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर बनेगा। इसके लिए सरकार के स्तर से धनराशि आवण्टित की जा चुकी है और शीघ्र ही कार्य प्रारम्भ होने वाला है। लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में भी भव्य कॉरिडोर बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने आज जनपद बाराबंकी में ब्रह्मलीन हिन्द केसरी पहलवान महन्त श्री हरिशंकर दास जी महाराज की पुण्य स्मृति में श्रीराम जानकी मन्दिर, बजरंगधाम व्यायामशाला में ‘रामार्चा पूजा’ में प्रतिभाग किया और आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महन्त श्री हरिशंकर दास जी महाराज संत स्वभाव, हनुमान जी के परम भक्त तथा पहलवानी में पारंगत थे। उन्होंने सैकड़ों नौजवानों के समक्ष धर्म के मार्ग पर चलने तथा राष्ट्र की रक्षा के लिए नागा संन्यासियों की तरह स्वयं को समर्पित कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया। बजरंगधाम व्यायामशाला में बाबा बजरंग दास द्वारा अपने पूज्य गुरुदेव की स्मृति में श्री हनुमंत विराट महायज्ञ, श्री रामार्चा महायज्ञ, गौरी-गणेश पूजन, सामूहिक कन्या पूजन, सामूहिक कन्या विवाह, सामूहिक वरिष्ठ नागरिक सम्मान, निःशुल्क चिकित्सा शिविर तथा महाशिवरात्रि के अवसर पर महारुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 84 कोसी परिक्रमा का मार्ग बनने से जनपद बाराबंकी का चहुंमुखी विकास होगा। रोजगार की नई सम्भावनाएं विकसित होंगी। स्टेट कैपिटल रीजन (एस0सी0आर0) के अन्तर्गत बाराबंकी को भी लिया गया है। इससे यहां के विकास के कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ेंगे। बाराबंकी के युवाओं को नौकरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें बाराबंकी में ही रोजगार मिलेगा। यहां के जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों के आधार पर रामसनेही घाट में बहुत बड़े औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाराबंकी जनपद के बारें में मान्यता है कि हिरण्याक्ष राक्षस का वध करने के लिए भगवान विष्णु ने इसी धरती पर वाराह रूप में अवतार लिया था। भगवान लोधेश्वर महादेव का पवित्र धाम बाराबंकी जनपद में ही स्थित है। पद्म पुरस्कार से सम्मानित हॉकी के महान खिलाड़ी श्री के0डी0 सिंह बाबू का जन्म इसी जनपद में हुआ था। बाराबंकी जनपद वह धरा है, जहां के प्रगतिशील किसानों ने अपने परिश्रम व पुरूषार्थ से आधुनिक भारत में आधुनिक खेती के प्रति वर्तमान के नौजवानों व किसानों को नई प्रेरणा दी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हॉकी खिलाड़ी श्री के0डी0 सिंह बाबू की हवेली बिक रही थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया कि श्री के0डी0 सिंह बाबू की सेवाओं को देखते हुए उनकी हवेली को बिकने नहीं देगी। वहां भव्य स्मारक का निर्माण कराया जाएगा तथा उनकी स्मृतियों को संजोते हुए खेल की नई एकेडमी के निर्माण कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि बाराबंकी का नौजवान श्री के0डी0 सिंह बाबू से प्रेरणा प्राप्त कर राष्ट्रीय खेल हॉकी से जुड़ सकें। अन्नदाता किसानों के परिश्रम एवं पुरूषार्थ को सम्मान देने के लिए यहां के प्रगतिशील किसान श्री रामसरन वर्मा को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाराबंकी जनपद पर पवित्र नदी सरयू मईया की कृपा है। पौराणिक काल से इसका अपना गौरवशाली अतीत रहा है। यदि अतीत गौरवशाली है, तो वर्तमान भी गौरवशाली होगा। डबल इंजन सरकार बाराबंकी के भविष्य को भी गौरवशाली बनाने के लिए कार्य कर रही है। यहां कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने तथा लोधेश्वर महादेव सहित अन्य पौराणिक स्थलों को जोड़ने के लिए मार्ग निर्माण हेतु धनराशि आवण्टित की जा चुकी है। इनमें कुछ कार्य प्रारम्भ हो चुके हैं। शेष कार्य प्रारम्भ होने वाले हैं। विकास कार्य अनवरत चलते रहेंगे। डबल इंजन सरकार रूकने या डिगने वाली सरकार नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार जो बोलती है, वह करके दिखाती है और जितना करती है, उतना ही बोलती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम लोगों ने कहा था कि ‘‘रामलला हम आएंगे, मन्दिर वहीं बनाएंगे’’। आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मन्दिर बन चुका है और कयामत के दिन तक भी बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण नहीं हो सकता। जो लोग कयामत के दिन आने का सपना देख रहे हैं, वह ऐसे ही सड़-गल जाएंगे और उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। प्रधानमंत्री जी ने 25 नवम्बर, 2025 को अयोध्या धाम में आकर सनातन के प्रति श्रीराम मन्दिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था, यह केसरिया ध्वज हमेशा सनातन धर्म व भारत की गौरवशाली परम्परा को बढ़ाने का कार्य मजबूती के साथ करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों के बाद यह गौरवशाली क्षण आया। इन 500 वर्षों में अनेक राजा-महाराजा व अनेक सरकारें आईं। वर्ष 1947 में भारत आजाद हुआ, वर्ष 1952 के बाद चुनाव के बाद अनेक सरकारें बनीं, लेकिन किसी के मन में अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मन्दिर बनाने का भाव नहीं आया। आज प्रत्येक व्यक्ति राम को अपना मानता है। कुछ अवसरवादी लोगों को संकट के समय ही राम याद आते हैं, अन्यथा वे राम को विस्मृत कर देते हैं। इसलिए प्रभु श्रीराम भी उनको भूल चुके हैं। अब उनकी नाव कभी पार नहीं होगी। जो लोग रामभक्तों पर गोलियां चलवा रहे थे, रामकाज में बाधक थे, इनके लिए अब कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में रहना है, तो कायदे से रहना होगा। कानून का पालन करना होगा। यदि कोई कानून तोड़ेगा, तो वह रास्ता सीधे जहन्नुम की ओर लेकर जाता है। कानून तोड़कर कोई जन्नत जाने का सपना देखता है, तो वह सपना कभी पूरा नहीं होगा। प्रत्येक भारतीय का दायित्व है कि सकारात्मक सोच के साथ भारत के विकास में योगदान दे। हम सभी भारतीय मिलकर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण के लिए कार्य करें, यह प्रत्येक भारतीय का विजन तथा जीवन का संकल्प होना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रत्येक सन्त की साधना अपने देश व धर्म के लिए होती है। देश व धर्म एक-दूसरे के पूरक बनकर कार्य करते हैं। इसमें एक शरीर है, तो दूसरी उसकी आत्मा है। भारत और सनातन धर्म एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों को अलग करके नहीं रखा जा सकता। यदि अलग करने का प्रयास करेंगे, तो जिस प्रकार शरीर से आत्मा निकल जाने पर शरीर निष्तेज हो जाता है, उसी प्रकार राष्ट्र व धर्म के अलग हो जाने पर होता है। आज दुनिया भर से सनातन, भारत व भारतीयता पर प्रहार हो रहे हैं। इन आन्तरिक व बाह्य प्रहारों से हमें सजग व सचेत रहना होगा। जिन लोगों को भारत की प्रगति तथा विकसित भारत की संकल्पना अच्छी नहीं लगती, वे लोग साजिश में लगे हुए हैं। कुछ लोग साजिश का शिकार हो रहे हैं तथा कुछ लोग साजिश का सामना करने के लिए मिलकर कार्य कर रहे हैं। इस प्रकार की दुष्प्रवृत्तियों को रोकने के लिए स्वयं को तैयार करना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश कभी कमजोर नहीं था। हमारे पास सब कुछ था। आज भी दुनिया में सबसे अच्छी उपजाऊ भूमि उत्तर प्रदेश में है। वर्ष 2017 से पूर्व लोग कोई भी त्योहार अच्छी तरह नहीं मना पाते थे। बेटी, व्यापारी, किसान, नौजवान, घर-खेत, मन्दिर, विद्यालय सहित कुछ भी सुरक्षित नहीं था। किसी न किसी जिले या शहर में आए दिन कर्फ्यू लगता था। राह चलते व्यक्ति को लूट लिया जाता था। परिवार के लोग अपने स्वजनों के लिए सशंकित रहते थे। गरीबों की भूमि पर कब्जा कर लिया जाता था। इस रामजानकी मन्दिर की भूमि पर भी कब्जा करने के लिए महन्त श्री हरिशंकर दास को गोली मार दी गयी थी। सरकार बदलते ही अराजकता समाप्त हो गयी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2013 के कुम्भ में 12 करोड़ श्रद्धालु आये थे। जबकि इस वर्ष के माघ मेले में अब तक 21 करोड़ श्रद्धालु त्रिवेणी के संगम में श्रद्धा की डुबकी लगा चुके हैं। पहले अयोध्या तथा श्री काशी विश्वनाथ धाम में वर्ष भर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते थे, लेकिन अब करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु आते थे। वर्ष 2024-25 में अकेले उत्तर प्रदेश में 122 करोड़ श्रद्धालु धार्मिक स्थलां पर दर्शन करने आये। प्रयागराज महाकुम्भ-2025 में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आये। सुरक्षा एवं बेहतर सुविधा के कारण प्रत्येक व्यक्ति यहां आना चाहता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में नौजवानों के हाथों में कार्य है। वह अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का लाभ प्रदेश को प्रदान करेगा। अन्नदाता किसान को सरकार की सुविधा मिल जाए, तो वह खेत से सोना उगलने का कार्य करेगा। जब बेटियां सुरक्षित होंगी, तो समाज स्वयं सुरक्षा का एहसास करेगा। इसी प्रकार जब व्यापारी सुरक्षित होगा तो वह उत्तर से दक्षिण तक भारत को जोड़ने के लिए सेतुबन्ध का कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। पहले वेतन देने के लिए भी पैसा नहीं था, आज सरकार के पास इतना पैसा है जिसका उपयोग हर एक तबके के विकास लिए किया जा रहा है। अनुसूचित जाति/जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य जाति के गरीब तथा संस्कृत पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप देने की व्यवस्था बिना भेदभाव की जा रही है। पढ़ाई की बेहतर व्यवस्था है तथा अच्छे संस्थान खोले जा रहे हैं। सरकार प्रत्येक तीर्थ स्थल के विकास के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेन्स की नीति के साथ कार्य कर रही है। सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। जो भी सुरक्षा में बाधक बनेगा तथा कानून को ठेंगा दिखाएगा, तो कानून उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। सन् 1947 के बाद अलग-अलग सरकारें आयीं, लेकिन गरीबों के मकान नहीं बन पाए। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में अब तक प्रदेश के 60 लाख से अधिक गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराये गये हैं। आज से 08 वर्ष पहले लोगों के घरों में शौचालय नहीं थे। गांव की सड़कें गन्दगी से भरी रहती थीं। आज घर-घर में शौचालय बन चुके हैं तथा गांव साफ-सुथरे हैं। बीमारियां कम हुई हैं। गांवों में शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में पहले बिजली कुछ जनपदों को ही मिल पाती थी, लेकिन आज सभी 75 जनपदों को बिजली उपलब्ध करायी जा रही है। विकास के बड़े-बड़े कार्य किये जा रहे हैं। पहले जो पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, वह पैसा अब विकास, रोजगार एवं धर्म स्थलां के पुनरुद्धार में खर्च हो रहा है। विकास यात्रा में सरकार द्वारा किये गये कार्यां के कारण देश की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाआें में से उत्तर प्रदेश एक है। अब उत्तर प्रदेश बीमारू नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है तथा अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महंत बलराम दास जी अपने पूज्य गुरुदेव की स्मृति में अनेक धार्मिक कार्यक्रम करते हैं। यहां कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया जाता है। हमारे देश में मान्यता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है। अगर कोई माता-पिता गरीबी के कारण बेटी का विवाह नहीं कर पाते हैं, तो वह जिम्मेदारी सरकार लेती है। विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 01 लाख रुपये सरकार द्वारा उपलब्ध कराये जाते हैं। इसी प्रकार बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक पढ़ाई के लिए 25 हजार रुपये तक की धनराशि सरकार देती है। वृद्धावस्था, निराश्रित महिला तथा दिव्यांग पेंशन के माध्यम से 01 करोड़ 06 लाख लाभार्थियों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की धनराशि डी0बी0टी0 के माध्यम से उपलब्ध करायी जाती है। उत्तर प्रदेश में 15 से 16 करोड़ गरीब लोग निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब 05 करोड़ 46 लाख से अधिक गरीबों को 05 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज के लिए गोल्डेन कार्ड उपलब्ध कराये गये हैं।
----------


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने