बलरामपुर - कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था, बाढ़ नियंत्रण व विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विकास से सम्बंधित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने व तटबंधों के रखरखाव के सम्बंध में अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और न्याय भाजपा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन तत्परता से कार्य करे तथा लोगों को समय से सहायता मिले। उन्होंने तटबंधों की स्थिति के बारे में सम्बंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले में चल रहे निर्माण के सम्बंध में अधिकारियों से जानकारी ली। परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। विभिन्न जन प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं एवं जन अपेक्षाएं बैठक में रखते हुए उनके त्वरित निस्तारण की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ता अनुशासन में रहकर कार्य करते हैं। उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यकर्ताओं व आमजन के साथ सम्मान से पेश आना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में कोई कोताही न बरती जाए तथा योजनाओं का लाभ समय से पात्र व्यक्तियों को सुनिश्चित किया जाए। बलरामपुर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा व गैसड़ी के पूर्व विधायक शैलेष कुमार सिंह शैलू ने अपने क्षेत्र के विकास के सम्बंधित विभिन्न प्रस्ताव बैठक में प्रस्तुत किए। प्रभारी मंत्री ने सम्बंधित अधिकारियों को प्रस्ताव पर आपेक्षित कार्यवाही कर शासन में प्रेषित करने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू, श्याम मनोहर तिवारी, जिलाधिकारी पवन अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, सीडीओ हिमांशु गुप्ता, एडीएम ज्योति राय, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।

          हिन्दी संवाद न्यूज से
            रिपोर्टर वी. संघर्ष
              बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने