मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान मन्दिर में दर्शन-पूजन किया
 
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार
आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुजन
हेतु अत्याधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

राज्य सरकार मथुरा-वृन्दावन, बरसाना, गोकुल, बल्देव, गोवर्धन और राधा
कुण्ड को तीर्थ के रूप में उनकी पौराणिक मान्यता को पुनः स्थापित करेगी

ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उ0प्र0 ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्य कर रही

मथुरा-वृन्दावन गौ संरक्षण का आदर्श केन्द्र, प्रदेश में वर्तमान में
16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश गौआश्रय स्थलों पर संरक्षित

लखनऊ : 16 अगस्त, 2025

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने मन्दिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुआें व प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्रजभूमि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाभूमि के रूप में जानी जाती है। हम सबको यहां की रज-रज में भगवान श्रीकृष्ण की शक्ति और राधा रानी की भक्ति के दर्शन होते हैं। उत्तर प्रदेश की भूमि देव अवतारों की भूमि रही है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुजन हेतु अत्याधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार मथुरा-वृन्दावन, बरसाना, गोकुल, बल्देव, गोवर्धन और राधा कुण्ड को तीर्थ के रूप में उनकी पौराणिक मान्यता को पुनः स्थापित करेगी। सौभाग्यवश विगत वर्षों से उन्हें हर वर्ष 02 बड़े आयोजनों-श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं बरसाना के रंगोत्सव का साक्षी होने का अवसर मिला है। 05 हजार वर्षों से अधिक समय की इस पौराणिक विरासत के संरक्षण के लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा। जाति, मत, मजहब, सम्प्रदाय, क्षेत्र, भाषा के नाम पर विभाजनकारी शक्तियों से सावधान रहना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कृष्ण-कन्हैया की कृपा से ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्य कर रही है। यह क्षेत्र विकास के नित नये प्रतिमान स्थापित कर रहा है। आज उत्तर प्रदेश अपनी आध्यात्मिक विरासत और अत्याधुनिक विकास के लिए देश और दुनिया में जाना जा रहा है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, भगवान श्रीरामलला का भव्य मंदिर, माँ विन्ध्यवासिनी कॉरिडोर पूरे वैभव के साथ देश और दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम सबको प्रधानमंत्री जी के पंचप्रण के संकल्पोंं-विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता और एकजुटता तथा नागरिकों में कर्तव्य की भावना से सक्रिय रूप से जुड़ना होगा। हमें स्वदेशी को जीवन का मंत्र बनाना होगा। माँ गंगा, यमुना जी, गौमाता और गायत्री हमारी संस्कृति के तीर्थ हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हर व्यक्ति को गौ संरक्षण के लिए अपने आप को समर्पित करना होगा। मथुरा-वृन्दावन गौ संरक्षण का आदर्श केन्द्र बना हुआ है। यहां पर अनेक बड़ी गौशालाएं क्रियाशील हैं। प्रदेश में वर्तमान में 16 लाख से अधिक  निराश्रित गोवंश गौआश्रय स्थलों पर संरक्षित हैं। राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना’ के माध्यम से लोगों को निराश्रित गोवंश उपलब्ध करा रही है तथा पालन-पोषण के लिए लाभार्थी परिवार को प्रति गोवंश 1,500 रुपये प्रतिमाह उपलब्ध करा रही है।
इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री जी ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान मन्दिर में उपस्थित दर्शनार्थियों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों के ऊपर पुष्प वर्षा की। उन्होंने मन्दिर परिसर में पारिजात का पौधा भी रोपित किया।
---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने