‘अन्तर्राष्ट्रीय गणित प्रतियोगिता’ में प्रतिभाग हेतु
वियतनाम जायेगा सी.एम.एस. छात्र दल
लखनऊ, 1 अगस्त। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैम्पस का 8 सदस्यीय छात्र दल वियतनाम में आयोजित हो रहे इण्टरनेशनल मैथमेटिक्स कम्पटीशन (वी.आई.एम.सी.) में प्रतिभाग करेगा। यह अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता वियतनाम के डा नैंग सिटी में 14 से 19 अगस्त तक आयोजित की जा रही है, जिसमें विश्व के लगभग 30 देशों के बाल गणितज्ञ प्रतिभाग कर रहे हैं। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय गणित प्रतियोगिता के अन्तर्गत जूनियर एवं सीनियर वर्ग के छात्रों के लिए व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाएं आयोजित की जायेंगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग हेतु वियतनाम रवाना होने वाले सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस के छात्र सदस्यों में एमिराह अहमद, आश्विक सक्सेना, कृतिध्वज सिंह, विवान यादव, अनन्या कुलश्रेष्ठ, नेवान निगम, सौम्या गौतम एवं असद एहितशाम शामिल हैं। छात्र दल का नेतृत्व सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती अनुपमा चेकर करेंगी जबकि डेप्युटी टीम लीडर के रूप में वरिष्ठ शिक्षिका सुश्री राजानी सिंह एवं सुश्री सरिथा पीवी वियतनाम जा रही हैं।
श्री खन्ना ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय गणित प्रतियोगिता का उद्देश्य जूनियर एवं सीनियर वर्गों के छात्रों को गणित ज्ञान की नवीनतम जानकारियों का सुअवसर उपलब्ध कराना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धाओं के माध्यम से गणित विषय के ज्ञान का आदान-प्रदान करना, विभिन्न देशों के छात्रों में विश्व बन्धुत्व की भावना को बढ़ावा देना, छात्रों को अपनी गणित प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए अन्तर्राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना तथा सारे विश्व के लिए गणित का एक समान पाठ्यक्रम विकसित करने हेतु प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में सी.एम.एस. छात्रों को विभिन्न देशों के बाल गणितज्ञों के साथ अपनी गणित प्रतिभा एवं ज्ञान का आदान-प्रदान करने का भरपूर अवसर मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know