सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस में रोबोटिक्स एवं ए.आई. लैब का उद्घाटन
सी.एम.एस. की शिक्षा पद्धति से रूबरू हुआ अमेरिकी छात्र दल
लखनऊ, 7 जुलाई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम कैम्पस में आधुनिक रोबोटिक्स एवं
ए.आई लैब का भव्य उद्घाटन आज सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने फीता काटकर किया। इस भव्य समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षकों, छात्रों व अभिभावकों ने उत्साहपूर्ण उपस्थिति दर्ज करायी। समारोह की खास बात रही कि सी.एम.एस. की शैक्षिक यात्रा पर पधारे दस-सदस्यीय अमेरिकी छात्र दल ने इस अवसर पर नवनर्मित रोबोटिक्स एवं ए.आई. लैब समेत विद्यालय परिसर का भ्रमण कर छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया एवं छात्रों को विज्ञान व प्रोद्योगिकी की अति-आधुनिक व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के सी.एम.एस. के प्रयासों की दिल खोलकर सराहना की। इस दौरान अमेरिकी छात्र दल विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण कर सी.एम.एस. की अनूठी ‘ब्राडर एण्ड बोल्डर’ शिक्षा पद्धति से रूबरू हुआ एवं विद्यालय के शिक्षकों व प्रधानाचार्या से विचार विमर्श किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि शान्तिपूर्ण व सुविधाजनक शैक्षिक वातावरण प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। सी.एम.एस. का मानना है कि वर्तमान दौर में छात्रों को आधुनिक तकनीक की जानकारी देना एवं आधुनिक तरीके से शिक्षा प्रदान करना बहुत जरूरी है, जिससे भावी पीढ़ी विश्व स्तर पर कदम से कदम मिलाकर चल सके। अमेरिकी छात्र दल के टीम लीडर श्री जेसन स्मिथ ने कहा कि सी.एम.एस. द्वारा प्रदान की जा रही संतुलित शिक्षा एवं भावी पीढ़ी के वैश्विक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास वास्तव में अनुकरणीय हैं। अमेरिका से पधारे छात्रों ने इस अवसर पर एक स्वर से कहा कि इस यात्रा से हमें बहुत कुछ सीखने को मिला है। सी.एम.एस. में हमें बहुत प्यार व अपनापन मिला। यह अमेरिकी छात्र दल कल सी.एम.एस. राजाजीपुरम प्रथम कैम्पस जायेगा एवं इसके उपरान्त दोपहर 12 बजे राजभवन में प्रदेश की राज्यपाल महामहिम श्रीमती आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करेगा।
सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमत शिवानी सिंह ने इस अवसर पर अमेरिकी छात्र दल का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि सी.एम.एस. अपने छात्रों के सर्वागीण विकास हेतु संकल्पित है। उन्होंने विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था हेतु सी.एम.एस. प्रबन्धन का आभार व्यक्त किया।
 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने