जलालपुर, अंबेडकर नगर। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में समाजसेवी और पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय अनिरुद्ध सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों को बेहतर वातावरण देने के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया। साथ ही, विद्यार्थियों के लिए नवनिर्मित विज्ञान प्रयोगशाला का लोकार्पण किया गया।
बता दें कि डॉ. केएनएस मेमोरियल अस्पताल की अध्यक्ष और स्व. परिवार की पुत्री डॉ. मधुलिका सिंह के संयोजन में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानाचार्य स्व. अनिरुद्ध सिंह परिवार के सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में किए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व. परिवार का पूरा जीवन शिक्षा और समाज के लिए समर्पित रहा। उन्होंने स्व. परिवार के पुत्रों और पुत्री द्वारा समाज के प्रति किए जा रहे कार्यों की सराहना किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने अपने पिता के सपनों को साकार करने का बीड़ा उठाया और नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशाला का निर्माण कर बच्चों को कुछ नया सीखने का अवसर दिया। उपमुख्य मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान जलालपुर से लगाव होने का बखान करने के साथ-साथ इस विद्यालय के विकास के लिए पहल किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। इसके लिए आवश्यक संसाधन और स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि ये दोनों ही क्षेत्र देश के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर मंच पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व नोएडा विधायक पंकज सिंह, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी, रमाशंकर सिंह, डॉ. मधुलिका, शिशिर कुमार सिंह, अरुण सिंह, अंशुमान सिंह, प्रबंधक प्रसेनजीत वर्मा, डॉ. विक्रम सिंह और धनंजय तेवतिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और भाजपा नेताओं, स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने