उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से आज यहां उनके सरकारी आवास पर जापान के यामानाशी प्रान्त के उप राज्यपाल श्री कोऊ ओसादा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर भारत और जापान विशेष कर उत्तर प्रदेश एवं यामानाशी प्रान्त के मध्य सम्बन्धों को सुदृढ़ करने के लिए विचार विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री जी एवं यामानाशी प्रान्त के उप राज्यपाल के मध्य उत्तर प्रदेश में निवेश की सम्भावनाओं सहित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा हुई।
यामानाशी प्रान्त के उप राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश की सम्भावना तलाशने जापान से 200 सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल प्रदेश में आएगा। सुदृढ़ कानून व्यवस्था एवं बेहतर सुशासन के दृष्टिगत आर्थिक प्रगति पर तेजी से बढ़ रहे उत्तर प्रदेश में जापान का प्रतिनिधिमण्डल निवेश की सम्भावनाओं को देखेगा। इससे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ मैत्रीपूर्ण सम्बन्धों को मजबूत करने के लिए वे हर सम्भव प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री जी एवं यामानाशी प्रान्त के उप राज्यपाल के मध्य हुई वार्ता में ग्रीन हाइड्रोजन पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इसमें बताया गया कि ग्रीन हाइड्रोजन को लेकर उत्तर प्रदेश व यामानाशी प्रान्त के मध्य समझौता होगा और यहां सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। इसमें जापानी तकनीक का उपयोग होगा। वार्ता में अन्तरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन कराने पर भी चर्चा हुई, जिसमें दुनिया भर के हाइड्रोजन प्रौद्योगिकी व इसके उपयोग में रुचि रखने वाले प्रतिनिधि भी उपस्थिति रहेंगे। हरित हाइड्रोजन प्रौद्योगिकी में यामानाशी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश के छात्रों को औद्योगिक प्रौद्योगिकी का अध्ययन करने का अवसर प्रदान करेगा।
यामानाशी प्रान्त के उप राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से असीमित सम्भावनाओं वाला राज्य है। यहां बौद्ध धर्म से जुड़े पर्यटन स्थलों पर जापानी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए बुद्धिस्ट सर्किट की महत्वपूर्ण भूमिका है। जापान से अधिकांश श्रद्धालु व आमजन यहां बुद्धिस्ट सर्किट के अन्तर्गत भगवान गौतम बुद्ध से जुड़े स्थलों (सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती आदि) पर आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यामानाशी प्रान्त के लोगों को बुद्धिस्ट सर्किट आने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी एवं यामानाशी प्रान्त के उप राज्यपाल के मध्य उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए जापान विशेष रूप से यामानाशी प्रान्त में रोजगार की सम्भावनाओं के सम्बन्ध में भी चर्चा हुई। जापानी भाषा का ज्ञान व ट्रेड्स की आवश्यकतानुसार कौशल प्रदान कर युवाओं को वहां भेजा जाएगा। यामानाशी प्रान्त उत्तर प्रदेश से अध्ययन के लिए आने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति भी प्रदान करेगा।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know