राजकुमार गुप्ता मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र के गांव नगला बुर्ज अवैरनी में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी और फरार हो गया। चार वर्षीय मासूम ने शोर मचाया तो पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। 
अलीगढ़ के थाना खैर के गांव चौवाना की रहने वाली पूजा सारस्वत की शादी जगनेर, अलीगढ़ निवासी शैलेश के साथ हुई थी। किन्हीं कारणों से शैलेश जेल चला गया। जेल में पूजा शैलेश से मिलने जाती थी। पूजा की अलीगढ़ जेल में गौरव चौधरी से मुलाकात हुई, जो दोस्ती में बदल गई।
गौरव की पहली शादी 2006 में बबिता से हुई थी। उस पर दो बच्चे भी हैं। 2018 में गौरव को जमानत मिल गई। उसने पहली पत्नी बबीता को छोड़ दिया और पूजा के साथ लव मैरिज कर ली। पहली पत्नी बबीता ने विरोध किया तो गौरव ने पूजा सारस्वत को बल्लभगढ़ में किराए के मकान में रख लिया। पूजा के भी दो बच्चे हो गए। बड़ा बेटा चार वर्ष और छोटा सात माह का है।
दो अप्रैल को बल्लभगढ़ में आयोजित देवी जागरण कार्यक्रम के दौरान गायक कलाकार ब्रह्मानंद व बलवीर बृजवासी से पूजा की दोस्ती हो गई। इन दोनों ने ही पूजा को सात महीने पहले बलदेव के गांव नगला बुर्ज में किराया का कमरा दिलवाने में मदद की थी। गौरव टैक्सी चलाता है। इसके कारण वह कई दिन तक घर से बाहर रहता था। गांव वालों ने गौरव को बताया उसके जाने पर पीछे से दो लोग घर आते हैं। गौरव को पूजा के नए दोस्त की जानकारी होने पर घर में कलह शुरू हो गई। आए दिन झगड़ा होने लगा।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम चार बजे इसी बात को लेकर फिर झगड़ा शुरू हुआ। गौरव ने आवेश में पूजा की गला रेतकर हत्या कर दी और फरार हो गया। बाहर खेल रहे चार वर्षीय मासूम घर पहुंचा तो खून से लथपथ मां को देख चीखने चिल्लाने लगा। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पूजा का शव देख आसपास सनसनी फैल गई।
एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन, सीओ महावन भूषण वर्मा सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सीओ महावन ने नाकाबंदी कराई। देर शाम पुलिस ने भाग रहे आरोपित पति को हिरासत में ले लिया।

प्रथमदृष्टया त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग के चलते महिला की हत्या का सामने आया है। आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। -भूषण वर्मा, सीओ महावन

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने