अन्तर्राष्ट्रीय आर्केस्ट्रा प्रस्तुति सी.एम.एस. में 28 अक्टूबर को, 

27 देशों के 300 कलाकारों की होगी सामूहिक प्रस्तुति

मुख्य सचिव, श्री दुर्गाशंकर मिश्र, आई.ए.एस. समारोह के मुख्य अतिथि होंगे

लखनऊ, 19 अक्टूबर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) के तत्वावधान में विश्व की सबसे बड़ी आर्केस्ट्रा प्रस्तुति ‘कार्मिना बुराना’ का भव्य आयोजन आगामी 28 अक्टूबर 2023, शनिवार को सायं 6.00 बजे से सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्य सचिव, श्री दुर्गाशंकर मिश्र, आई.ए.एस. समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। यह जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि यह इण्टरनेशनल आर्केस्ट्रा इण्डिया नेशनल यूथ आर्केस्ट्रा, फिलहार्मोनिक वियना आर्केस्ट्रा, आस्ट्रिया, एसोसिएटेड बोर्ड ऑफ रायल स्कूल ऑफ म्यूजिक (ए.बी.आर.एस.एम.), लंदन एवं सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस संगीत महोत्सव में 27 देशों के 200 से 

अधिक गायक व 100 से अधिक संगीतकार विश्व-स्तरीय संगीत प्रस्तुति के माध्यम से भारत-आस्ट्रिया के 75 वर्षीय राजनैतिक सहयोग को नई ऊचाइयाँ प्रदान करेंगे।

श्री शर्मा ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय आर्केस्ट्रा में विश्व के 27 देशों के 300 से अधिक कलाकार जर्मन संगीतकार कार्ल ओर्फ द्वारा रचित गीतों की प्रस्तुति देंगे, जिसमें विश्व प्रसिद्ध गीत ‘ओ फार्च्यूना’ भी शामिल है। इस अन्तर्राष्ट्रीय संगीत महोत्सव में जिन 27 देशों के कलाकार प्रतिभाग कर रहे हैं, उनमें आस्ट्रिया, अर्जेन्टीना, बोस्निया एण्ड हर्जेगोविना, ब्रिटेन, कनाडा, चीन, क्रोएशिया, साइप्रस, ग्रीस, चेक रिपब्लिक, जर्मनी, इजिप्ट, फिनलैंड, हंगरी, इटली, न्यूजीलैंड, पोलैण्ड, रूस, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया, स्पेन, स्विटजरलैण्ड, अमेरिका, वेनेजुएला एवं भारत प्रमुख हैं। श्री शर्मा ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय संगीत समारोह का पहला प्रदर्शन आस्ट्रिया की वियना यूनिवर्सिटी में अभी हाल ही में सम्पन्न हुआ है। दूसरा प्रदर्शन सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आगामी 28 अक्टूबर को सम्पन्न होगा जबकि तीसरा प्रदर्शन 30 अक्टूबर को नई दिल्ली के लोटस टेम्पल के बहाई ऑडिटोरियम में किया जायेगा।


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने