राजकुमार गुप्ता 
मथुरा।।मथुरा वृंदावन नगर निगम चुनाव में मतगणना से पूर्व ही भारतीय जनता पार्टी का खाता खुल गया है। यहां 2 वार्ड में भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। अब यहां 70 में से 68 वार्डों में पार्षद पद के लिए 4 मई को मतदान होगा।

वार्ड संख्या 59 और 60 में खुला खाता

गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन नाम वापसी के साथ ही भाजपा का खाता खुल गया। नगर निगम के वार्ड संख्या 59 महोली और वार्ड संख्या 60 जगन्नाथ पुरी में भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। 2 पार्षदों के निर्विरोध चुने जाने से भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

समर्थकों ने बांटी मिठाई,मनाया जश्न

गुरुवार को नाम वापसी के अंतिम दिन वार्ड संख्या 60 से 3 प्रत्याशियों में से दो राजुल शर्मा और मनोज सक्सेना ने अपना नाम वापस ले लिया। दो प्रत्याशियों के नाम वापसी लेते ही भाजपा प्रत्याशी नीरज वसिष्ठ निर्विरोध पार्षद चुन लिए गए। नीरज के निर्विरोध चुनाव जीतने की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने आतिशबाजी कर एक दूसरे को मिठाई खिलाई और जमकर जश्न मनाया। इसी तरह वार्ड संख्या 59 से भाजपा की महिला प्रत्याशी पुष्पा निर्विरोध चुनी गईं।

श्री कृष्ण जन्मस्थान वार्ड में निर्विरोध जीत से प्रफुल्लित हुए भाजपाई

मथुरा वृंदावन नगर निगम का वार्ड संख्या 60 महत्वपूर्ण वार्ड में से एक है। यहां भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली यानि श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर है। श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर क्षेत्र के वार्ड में भाजपा को निर्विरोध जीत मिलने पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। समाजसेवी अजयकांत गर्ग ने निर्विरोध निर्वाचित हुए प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी। 
भाजपा के मेयर पद के प्रत्याशी और महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि इससे पता चलता है कि भाजपा की नीतियों से जनता प्रभावित है। भाजपा की नीतियों से जनता में विश्वास बढ़ा है।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की ली सदस्यता

भाजपा के दो पार्षद निर्विरोध चुने गए तो कांग्रेस पार्टी छोड़कर 2 नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ले ली। कांग्रेस नेता महाराज सिंह और पूर्व सभासद मनोज सक्सेना ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देते हुए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। दोनों नेताओं के कांग्रेस छोड़े जाने का कारण वर्तमान में मथुरा कांग्रेस में नेताओं के बीच चल रही खींचतान को माना जा रहा है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने