केन्द्रीय रक्षा मंत्री एवं उ0प्र0 के मुख्यमंत्री ने जनपद लखनऊ
के विकास से सम्बन्धित 1,450 करोड़ रु0 की 352 विकास
परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
 
जनपद लखनऊ में राजधानी के अनुरूप विकास
योजनाएं क्रियान्वित की जा रहीं : मुख्यमंत्री

श्रद्धेय अटल जी के कार्यकाल में ही जनपद
लखनऊ के जीवन की लाइफलाइन शहीद पथ बना था

स्मार्ट सिटी लखनऊ को स्मार्ट सुविधाएं मिल सके,
यह सौगात देने हेतु केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी आज यहां आए
 
ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के प्रथम फेज का शिलान्यास कार्यक्रम सम्पन्न,
यह परियोजना लखनऊ के यातायात की समस्या का स्थायी समाधान निकालेगी
 
लखनऊ में राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का निर्माण होने जा रहा

स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत लखनऊ में म्युजिकल फाउण्टेन, 5डी मोशन चेयर
एवं फ्रेग्रेंस पार्क, थीम पार्क/वेस्ट टू आर्ट पार्क एवं हैपीनेस पार्क, तकनीकी
पार्क नये विजन के साथ लखनऊ वासियों को प्रदान किए जाएंगे
 
बटलर झील व काला पहाड़ झील की सौन्दर्यीकरण परियोजनाओं का शिलान्यास

जनपद के चौराहों के री-मॉडलिंग कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की शुरुआत

नागरिक के रूप में सभी का दायित्व कि हम भारत की सफलता से जुड़कर कार्य करें, जिससे भारत को वर्ष 2047 तक दुनिया की एक महाशक्ति बनाने के
प्रधानमंत्री जी के सपने को साकार कर सकें
 
केन्द्र सरकार द्वारा परियोजनाएं स्वीकृत किए जाने के पश्चात मुख्यमंत्री
जी पूरी रुचि लेकर इन्हें तत्परतापूर्वक साकार कराते हैं : केन्द्रीय रक्षा मंत्री
 
आज ही के दिन मुख्यमंत्री के रूप में अपने 06 वर्ष का कार्यकाल
पूरा किया, इनका कार्यकाल विकास व सुशासन का कार्यकाल

विकास की पहली शर्त कानून-व्यवस्था का चुस्त-दुरूस्त
होना है, विकास की ऑक्सीजन ही चुस्त-दुरुस्त कानून-व्यवस्था है

प्रधानमंत्री जी ने लखनऊ और हरदोई के
मध्य टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की घोषणा की

मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर
अर्थव्यवस्था का राज्य बनाने हेतु तेजी से कार्य हो रहा है
 
लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से क्रियान्वित किए जा रहे
 
लखनऊ में अब तक 09 फ्लाईओवर पूर्ण, 03 नये
फ्लाईओवर का निर्माण कार्य हो रहा है, 05 नये फ्लाईओवर स्वीकृत

चारबाग एवं सिटी रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन
स्कीम के तहत विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा
 
लखनऊ एयरपोर्ट का विकास कार्य भी जारी, इसकी
हैण्डलिंग कैपेसिटी 55 लाख से बढ़कर 01 करोड़ यात्री तक पहुंच जाएगी
 
लखनऊ विश्व का सबसे सुन्दर शहर बनेगा,
मुख्यमंत्री जी के रहते हम सभी की यह मुराद पूरी होगी

 

लखनऊ : 18 मार्च, 2023

     केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां कॉल्विन ताल्लुकेदार कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में जनपद लखनऊ के विकास से सम्बन्धित 1,450 करोड़ रुपये की 352 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री जी को एक पौधा, प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।  
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि जनपद लखनऊ में राजधानी के अनुरूप विकास की योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। श्रद्धेय अटल जी ने जनपद लखनऊ के सांसद के रूप में विकास की जिन परियोजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए जिस सपने को देखा था, उन परियोजनाओं को आज धरातल पर उतारा जा रहा है। श्रद्धेय अटल जी के कार्यकाल में ही जनपद लखनऊ के जीवन की लाइफलाइन शहीद पथ बना था। जब अटल जी प्रधानमंत्री थे, तब श्री राजनाथ सिंह जी केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री थे। उस समय पूरे देश में सड़क निर्माण कार्य के साथ ही, शहीद पथ की सौगात भी जनपद लखनऊ को प्राप्त हुई थी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय लाल जी टण्डन जी ने भी जनपद लखनऊ के विकास हेतु श्रद्धेय अटल जी के सपने को जमीनी धरातल पर उतारने के प्रयास प्रारम्भ किए थे। स्मार्ट सिटी लखनऊ को स्मार्ट सुविधाएं मिल सके, यह सौगात देने हेतु केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी आज यहां आए हैं। उन्होंने यू0पी0जी0आई0एस0-2023 के पूर्व भी जनपद को विकास की सौगात प्रदान की थी। जनपद लखनऊ की यातायात से जुड़ी सबसे बड़ी समस्या का रास्ता लखनऊ विकास प्राधिकरण निकाल रहा है। 7,570 हजार करोड़ रुपये से अधिक की ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के प्रथम फेज का शिलान्यास कार्यक्रम आज सम्पन्न हुआ है। यह लखनऊ के यातायात की समस्या का स्थायी समाधान निकालेगी। यह आई0आई0एम0 से लेकर किसान पथ को जोड़ने का एक बेहतरीन मार्ग होगा। गोमती नदी के दोनों तटों को जोड़कर इसके सौन्दर्यीकरण व रिवरफ्रण्ट की कार्यवाही के साथ यह नयी सौगात मिलने जा रही है। केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश के पूर्व नगर विकास मंत्री श्री आशुतोष टण्डन ने इस कार्य की डी0पी0आर0 बनाने का आदेश दिया था, वह जमीनी धरातल पर उतरने जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद लखनऊ में राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का निर्माण लखनऊ विकास प्राधिकरण के माध्यम से होने जा रहा है। एक देश में दो प्रधान, दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे का उद्घोष करने वाले डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृतियां लखनऊ से जुड़ी हैं। देश की संविधान सभा के प्रखर सदस्य और भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उनका मार्गदर्शन सदैव मिलता रहा। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रवाद के प्रखर प्रवक्ता के रूप में जाने जाते हैं। अन्त्योदय की भावना, विकास की योजनाओं का लाभ हर गांव, गरीब, किसान को बिना भेदभाव के पहुंचे, इसके शिल्पी पं0 दीन दयाल उपाध्याय थे। पं0 दीन दयाल उपाध्याय, डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं समरसता व समन्वय के आदर्श पुरुष श्री अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा के साथ बनने वाला राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का शिलान्यास कार्यक्रम भी आज सम्पन्न हुआ है।
स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत लखनऊ शहर में अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित नये पार्क प्रदान किए जाने के कार्यक्रम बनाए गए हैं। इनमें म्युजिकल फाउण्टेन, 5डी मोशन चेयर एवं फ्रेग्रेंस पार्क, थीम पार्क/वेस्ट टू आर्ट पार्क एवं हैपीनेस पार्क, तकनीकी पार्क नये विजन के साथ लखनऊ वासियों को प्रदान किए जाएंगे। हेरिटेज मार्गों पर फसाड लाइटिंग का शिलान्यास कार्य भी सम्पन्न हो रहा है। लखनऊ में गरीबों के आवास हेतु रक्षा मंत्री जी के कर-कमलों से लोकार्पण एवं शिलान्यास के कार्यक्रम सम्पन्न हुए हैं। ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण व सुविधाओं से सम्पन्न करने के साथ ही 02 अभ्युदय विद्यालयों का शिलान्यास, बटलर झील व काला पहाड़ झील के सौन्दर्यीकरण की परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है। प्रशासन द्वारा सड़कों एवं मुख्य चौराहों का सौन्दर्यीकरण, यू0पी0जी0आई0एस0 एवं जी-20 सम्मेलन के दौरान किया गया था। आज जनपद के चौराहों के री-मॉडलिंग कार्यक्रम को भी आगे बढ़ाने की शुरुआत हुई है।
विकास एक अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है। विकास के साथ आत्मीयता शासन-प्रशासन के साथ-साथ आम जनमानस के मन में भी होनी चाहिए। हमें सुरक्षा के साथ-साथ सुशासन के लक्ष्य को भी प्राप्त करना है। सरकार जनमानस के साथ मिलकर कार्य करती है तो उसके परिणाम कई गुना आगे बढ़ते हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश ने दुनिया में अपनी एक नई पहचान बनायी है। भारत के नेतृत्व में जी-20 समूह एवं शंघाई कॉर्पोरेशन ऑर्गेनाइजेशन की अध्यक्षता के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एक नागरिक के रूप में सभी का दायित्व बनता है कि हम भारत की सफलता से जुड़कर कार्य करें, जिससे भारत को वर्ष 2047 तक दुनिया की एक महाशक्ति बनाने एवं विकसित भारत के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री जी के सपने को साकार कर सकें। इसी क्रम में विकास की यह परियोजनाएं राजधानी लखनऊ को प्राप्त हो रही हैं।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी ने अपने सम्बोधन में लखनऊ में हुए विकास कार्यों का श्रेय मुख्यमंत्री जी को देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा परियोजनाएं स्वीकृत किए जाने के पश्चात मुख्यमंत्री जी पूरी रुचि लेकर इन्हें तत्परतापूर्वक साकार कराते हैं। आज लखनऊ विकास के रंग में रंगा हुआ दिखायी दे रहा है। उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री जी ने आज ही के दिन मुख्यमंत्री के रूप में अपने 06 वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है। अभी तक अन्य कोई मुख्यमंत्री इतने लम्बे समय तक उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं रहे हैं। डॉ0 सम्पूर्णानन्द जी के सर्वाधिक लम्बे समय तक मुख्यमंत्री के पद पर रहने के रिकॉर्ड को योगी जी ने तोड़ा है। इनका कार्यकाल विकास व सुशासन का कार्यकाल है।
विकास की पहली शर्त कानून-व्यवस्था का चुस्त-दुरूस्त होना है। विकास की ऑक्सीजन ही चुस्त-दुरुस्त कानून-व्यवस्था है। आज पूरा देश उत्तर प्रदेश की सुदृढ़ कानून-व्यवस्था से अच्छी तरह से परिचित है। भय व अपराध के वातावरण से मुक्त होते उत्तर प्रदेश की जनता प्रदेश की 01 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के स्वप्न को लेकर चल रही है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का राज्य बनाने हेतु तेजी से कार्य हो रहा है।
लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से क्रियान्वित किए जा रहे हैं। आज यहां लोकार्पित एवं शिलान्यास की जा रही परियोजनाएं इस बात की साक्षी हैं। आज यहां सड़क, सीवर प्लाण्ट समेत अनेक नगरीय सुविधाओं के विकास सम्बन्धित विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास हो रहा है। आज यहां प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत 4,500 से अधिक भवनों का लोकार्पण एवं 4,512 नये भवनों का शिलान्यास सम्पन्न हुआ है।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी ने कहा कि आई0आई0एम0 रोड से एक ग्रीन कॉरिडोर बनाने का आज यहां शिलान्यास हुआ है। यह कॉरिडोर शहीद पथ व किसान पथ को परस्पर जोड़ेगा। नये लखनऊ का इस सेण्ट्रल कॉरिडोर के माध्यम से क्लीन व ग्रीन लखनऊ की परिकल्पना साकार होते हुए साफ तौर पर देखी जा सकती है। जनपद लखनऊ एवं इसके आसपास के जनपदों को अच्छी सड़कों से जोड़ने का विजन साकार होता दिखायी दे रहा है। लखनऊ-सुलतानपुर नेशनल हाईवे वर्ष 2019 में पूरा हो चुका है। लखनऊ-हरदोई सड़क मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का कार्य प्रगति पर है। लखनऊ-अयोध्या होते हुए गोरखपुर 06 लेन सड़क मार्ग का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जनपद लखनऊ में चारों तरफ निर्मित की जा रही 104 कि0मी0 लम्बी आउटर रिंग रोड का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस वर्ष अक्टूबर-नवम्बर तक इस रिंग रोड का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। लखनऊ जनपदवासियों के लिए यह एक बड़ी सौगात है।
जनपद लखनऊ में अब तक 09 फ्लाईओवर पूर्ण किए जा चुके हैं। इनका लोकार्पण हो चुका है। इस पर जनता का आवागमन जारी है। 03 नये फ्लाईओवर का निर्माण कार्य हो रहा है। आगामी कुछ माह में ही इनका लोकार्पण किया जाएगा। जनपद लखनऊ को 05 नये फ्लाईओवर स्वीकृत किए गए हैं। गोमतीनगर रेल टर्मिनल का कार्य नवम्बर-दिसम्बर तक पूरा हो जाएगा। इस बार के केन्द्रीय बजट में चारबाग एवं सिटी रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत चयनित किया गया है। इन्हें विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी ने कहा कि जनपद लखनऊ के आसपास के क्षेत्रों को जनपद से जोड़ते हुए विकास हेतु एन0सी0आर0 की तर्ज पर एस0सी0आर0 के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, जिस पर मुख्यमंत्री जी ने भी अपना अंतिम फैसला ले लिया है। लखनऊ एयरपोर्ट का विकास कार्य भी जारी है, जिससे लखनऊ एयरपोर्ट की हैण्डलिंग कैपेसिटी 55 लाख से बढ़कर 01 करोड़ यात्री तक पहुंच जाएगी। जनपद लखनऊ में जिस तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं, यहां पर बड़े-बड़े अन्तर्राष्ट्रीय कार्यक्रम भी सम्पन्न हो सकेंगे।
यहां मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में यू0पी0जी0आई0एस0-2023 एवं वर्ष 2020 में डिफेंस एक्सपो का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ है। इन कार्यक्रमों में भाग लेने वाले देश व दुनिया के लोगों ने प्रशंसा की है। यह लखनऊवासियों के लिए गौरव का विषय है। यू0पी0जी0आई0एस0-2023 में लगभग 33 लाख करोड़ रुपये के एम0ओ0यू0 हुए हैं। साथ ही, यहां पर जी-20 समूह की डिजिटल इकोनॉमी वर्किंग ग्रुप की समिट भी सकुशल सम्पन्न हुई है। यहां पर अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच का भी आयोजन हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री जी से अनुरोध किया कि वे राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए भी प्रदेश दावा पेश करे।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने लखनऊ और हरदोई के मध्य 1,300 एकड़ में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की घोषणा की है। इस पार्क में चिकन व कपड़ों से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इस परियोजना से जनपदवासियों के रहन-सहन का स्तर बढ़ेगा। जनपद में वृहद इन्फ्रास्ट्रक्चर व बड़े पैमाने पर औद्योगीकरण व आर्थिक विकास की गतिविधियां आकर्षित होने से रोजगार के अवसर सृजित होंगे। लखनऊ के आसपास के लोगों को रोजगार के साथ ही सम्मानपूर्ण जीवन जीने का मौका मिलेगा। भारत सरकार के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा लखनऊ के पुरातात्विक महत्व के स्मारकों का सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। लखनऊ विश्व का सबसे सुन्दर शहर बनेगा। मुख्यमंत्री जी के रहते हम सभी की यह मुराद पूरी होगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री कौशल किशोर ने कहा कि लोगों का विश्वास कायम हुआ है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हुई है। देश में प्रधानमंत्री जी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विकास कार्य निरन्तर जारी हैं। रक्षा मंत्री जी के नेतृत्व में जनपद लखनऊ में विभिन्न विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जनपद में जाम की समस्या, ओवरब्रिज के निर्माण, पानी की निकासी, गोमतीनगर रेलवे स्टेशन, ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण कार्य हो रहा है। जनपद लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाने का कार्य हो रहा है, जिससे लखनऊ भविष्य में चैम्पियन के रूप में स्थापित होगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने केन्द्रीय रक्षा मंत्री जी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि रक्षा मंत्री जी ने श्रद्धेय अटल जी के सपने को पूरा करने का जो बीड़ा उठाया था, वह पूरा हो रहा है। लखनऊवासी इस अद्भुत सौगात के लिए सदैव ऋणी रहेंगे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञातव्य है कि आज लोकार्पित की गई प्रमुख परियोजनाओं में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, स्टेट ग्राउण्ड वॉटर इन्फॉरमेटिक्स सेण्टर एवं भूजल भवन, राजकीय पॉलीटेक्निक बक्शी का तालाब, आसरा योजना चुन्नू खेड़ा पारा, चंदरनगर में 50 बेडेड चिकित्सालय भवन, राजकीय उद्यान आलमबाग में निर्माण कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत बसंत कुंज योजना एवं शारदा नगर विस्तार योजना में आवास, देवपुर पारा आवासीय योजना में एस0टी0पी0 का निर्माण एवं अनुरक्षण कार्य, शारदा नगर विस्तार योजना में विद्युत आपूर्ति हेतु 33 के0वी0 फीडर लाइन, देवपुर पारा कबीरनगर योजना में 33/11 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र शामिल हैं।
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 में सिंथेटिक रनिंग टै्रक, गोसाईगंज अग्निशमन केन्द्र में आवासीय/अनावासीय भवन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत बसंत कुंज योजना में 4,512 आवास, बसंत कुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल, कबीरनगर देवपुर पारा आवासीय योजना में ई0डब्ल्यू0एस0, एल0आई0जी0, एम0आई0जी0 भवनों का अवशेष निर्माण एवं विकास कार्य, ग्रीन कॉरिडोर के अन्तर्गत गऊ घाट पर सेतु एवं आई0आई0एम0 रोड से हार्डिंग ब्रिज तक बंधा एवं सड़क, स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत जनेश्वर मिश्र पार्क में 03 नग वॉटर स्क्रीन एवं म्युजिकल फाउण्टेन, लखनऊ शहर में चौराहों की री-मॉडलिंग एवं प्लेस मेकिंग कार्य, बटलर पैलेस झील का सौन्दर्यीकरण, तालकटोरा क्षेत्र में काला पहाड़ झील का सौन्दर्यीकरण, सी0जी0 सिटी योजना में वेटलैण्ड कार्य का विकास कार्य, गोमतीनगर विस्तार योजना में सेक्टर-7 में सी0बी0डी0 का विकार्स कार्य शामिल हैं।
-------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने